ओवैसी पर सपा और कांग्रेस का हमला, प्रमोद तिवारी बोले-"भाजपा और ओवैसी कुंभ मेले में बिछड़े जुड़वां भाई"
नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी (सपा), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एआईएमआईएम के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद और कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। वहीं, सपा प्रवक्ता ने उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर भी दलित विरोधी होने का आरोप लगाया है।
सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने यूपी सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा और उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में दलितों पर अत्याचार की घटनाएं हुई हैं। उन्होंने लखनऊ में एक दलित व्यक्ति से पेशाब चटवाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले में भाजपा कार्यकर्ताओं पर आरोप लगे थे।
चांद ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर ऐसे लोगों के साथ खड़े हैं, जिन पर दलितों के उत्पीड़न के आरोप हैं। उन्होंने रामजी लाल सुमन का जिक्र करते हुए राजभर पर दलित विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया।
अखिलेश यादव को लेकर असदुद्दीन ओवैसी की टिप्पणी पर सपा प्रवक्ता ने कहा कि ओवैसी भाजपा से कोई सवाल नहीं करते। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी की राजनीति केवल चुनाव वाले राज्यों तक सीमित रहती है। वह चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश आते हैं और खुद को राजनीतिक पर्यटक की तरह पेश करते हैं, लेकिन सत्ताधारी दल से सवाल नहीं पूछते।
वहीं, कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने भी ओवैसी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ओवैसी की राजनीति में भाजपा को फायदा पहुंचाने वाला रुख नया नहीं है। महाराष्ट्र चुनाव का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि ओवैसी की पार्टी ने चार सीटें जीतीं, जबकि 22-23 सीटों पर अन्य उम्मीदवारों की हार का कारण बनी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा और ओवैसी शायद कुंभ मेले में बिछड़े जुड़वां भाई हैं, जो अब दोबारा मिल गए हैं।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर प्रमोद तिवारी ने कहा कि वह सीटों की संख्या पर अभी कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते लेकिन अखिलेश यादव के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के बयान का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि संसद में दोनों दलों ने साथ मिलकर लड़ाई लड़ी और इसका फायदा भी मिला। विधानसभा चुनाव में भी गठबंधन के साथ उतरकर सरकार बनाने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं, 'भारत समिट' में राहुल गांधी की टिप्पणियों पर भाजपा की आलोचना के जवाब में प्रमोद तिवारी ने कहा कि मोदी सरकार और भाजपा को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बोलने का अधिकार नहीं है। विदेशी नेता के 'वोट चोर, गद्दी छोड़' नारे पर उन्होंने कहा कि यदि कोई विदेशी नेता ऐसा कह रहा है, तो संबंधित लोगों को आत्ममंथन करने की जरूरत है।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम
