Aapka Rajasthan

'ऑपरेशन रक्षा' के तहत स्पा सेंटरों पर बड़ी कार्रवाई, 28 महिलाओं का रेस्क्यू, 15 लोग हिरासत में

नोएडा, 18 जुलाई (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर पुलिस ने महिला सुरक्षा और मानव तस्करी की रोकथाम के लिए एक बार फिर सख्त कदम उठाते हुए शनिवार को जिले में संचालित कई स्पा सेंटरों पर व्यापक जांच अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा) सुनीति के पर्यवेक्षण में थाना एएचटी (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग) और थाना बीटा-2 पुलिस की संयुक्त टीम ने 'ऑपरेशन रक्षा' अभियान के तहत चार स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की।
 
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस विशेष अभियान का उद्देश्य स्पा सेंटरों की गतिविधियों की जांच करना, मानव तस्करी तथा महिलाओं के शोषण से जुड़े मामलों पर प्रभावी कार्रवाई करना और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना था। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने संबंधित स्पा सेंटरों के दस्तावेजों, कर्मचारियों की पहचान, संचालन व्यवस्था और वहां संचालित गतिविधियों की गहन जांच की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) के सहयोग से 28 महिलाओं का सुरक्षित रेस्क्यू किया। सभी महिलाओं को आवश्यक सुरक्षा प्रदान करते हुए उनकी काउंसलिंग और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कहीं इन महिलाओं को किसी प्रकार के दबाव, प्रलोभन या मानव तस्करी के माध्यम से तो इन स्पा सेंटरों तक नहीं लाया गया था। जांच के दौरान कई स्थानों पर अनियमितताएं और संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर पुलिस ने 15 व्यक्तियों को हिरासत में लिया, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। गौतमबुद्धनगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में उपलब्ध तथ्यों, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की अवैध गतिविधि, मानव तस्करी, देह व्यापार या अन्य आपराधिक कृत्य की पुष्टि होती है तो संबंधित आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि 'ऑपरेशन रक्षा' अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जिले में संचालित स्पा सेंटरों, मसाज पार्लरों तथा अन्य ऐसे प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जाएगी, ताकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी