बिहार के शेखपुरा जिले में ऑपरेशन मुस्कान, पुलिस ने 25 गुम मोबाइल खोजकर असली मालिकों को लौटाए
पटना, 11 जून (आईएएनएस)। बिहार के शेखपुरा जिले में मोबाइल फोन गुम होने की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए शेखपुरा पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। इस अभियान के अंतर्गत गुम हुए कुल 25 मोबाइल फोन को बरामद किया गया है।
बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन का सत्यापन करने के बाद एसपी बलिराम कुमार चौधरी ने उन्हें उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिया। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
यह ऑपरेशन जिले के विभिन्न थानों में दर्ज मोबाइल गुमशुदगी से संबंधित मामलों का डेटा एकत्र करने के बाद तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से इन मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया गया। शेखपुरा पुलिस द्वारा इससे पहले भी जनवरी 2025 से मई 2026 तक इस अभियान के तहत लगभग 250 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।
इस सफलता को लेकर एसपी बलिराम कुमार चौधरी ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान का मुख्य उद्देश्य आम जनता के चेहरे पर मुस्कान लाना और उनकी खोई हुई संपत्ति वापस दिलाना है। इस अभियान के तहत आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि गुरुवार को बरामद 25 मोबाइल फोन की कीमत लगभग 4 लाख और 57 हजार रुपए है।
पुलिस की इसी प्रकार की सराहनीय कार्रवाई गुरुवार को दिल्ली से सामने आई, जहां साउथ डिस्ट्रिक्ट साइबर पुलिस स्टेशन ने एक संगठित अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह फर्जी ऑनलाइन हेलीकॉप्टर और ट्रैवल बुकिंग वेबसाइटों के जरिए देशभर में लोगों से ठगी कर रहा था।
मामले की शुरुआत उस शिकायत से हुई, जिसमें पीड़ित से 20,328 रुपए की ठगी की गई थी। आरोपियों ने फर्जी वेबसाइटें बनाकर उन्हें सरकारी या अधिकृत ट्रैवल पोर्टल जैसा दिखाया और लोगों को यात्रा बुकिंग का झांसा देकर पैसे ऐंठे। इस आधार पर साइबर थाना, साउथ जिला में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने बैंक ट्रांजैक्शन, डिजिटल पेमेंट चैनल, डोमेन रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड, ईमेल अकाउंट, आईपी लॉग और होस्टिंग सर्विस से प्राप्त तकनीकी डेटा का विश्लेषण किया। तकनीकी जांच और सर्विलांस के जरिए पुलिस ने बिहार के नालंदा से ओमप्रकाश कुमार और रोहित कुमार को गिरफ्तार किया।
--आईएएनएस
डीके/वीसी
