‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत धमतरी पुलिस की कार्रवाई, हेरोइन की बिक्री करते युवक गिरफ्तार
रायपुर, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के धमतरी में पुलिस ने नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए, हेरोइन (चिट्टा) की बिक्री के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 4.52 लाख रुपए मूल्य का सामान भी जब्त किया है, जिसमें नशीला पदार्थ, एक कार और दो मोबाइल फोन शामिल हैं।
दरअसल, धमतरी की पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले भर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि जोधापुर स्थित पीजी कॉलेज मैदान के पास एक व्यक्ति कार में मादक पदार्थ रखकर उसकी अवैध बिक्री कर रहा है। मिली सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दबिश दी गई।
पुलिस ने मौके से एक युवक को पकड़ा, जिसकी पहचान आशुतोष उर्फ आशु (निवासी आमातालाब, इंडोर स्टेडियम के पास, धमतरी) के रूप में हुई है। गवाहों के समक्ष तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बिक्री के लिए रखा गया एक ग्राम मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा), एक हुंडई कार एवं दो मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किए गए, जिसकी कीमत लगभग 4,52,000 रुपए है।
आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 263/26, धारा 21(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ धमतरी पुलिस ने आम लोगों से अपील की कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें। नशामुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें। धमतरी पुलिस की ओर से नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी है।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम
