ओपी राजभर का अखिलेश पर तंज, बोले- उठ जाइए महाराज, दादरी की फ्लॉप रैली के बाद हिम्मत जवाब दे गई
लखनऊ, 6 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। राजभर ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए कहा कि दादरी की "फ्लॉप रैली" के बाद अखिलेश यादव अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख निराश और हताश हो गए हैं, इसलिए अब दूसरी रैली करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि केवल यादव और मुस्लिम वोट या सोशल मीडिया के सहारे चुनाव नहीं जीते जा सकते। सुभासपा प्रमुख राजभर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा है कि गुड मॉर्निंग अखिलेश जी। उठ जाइए, सुबह हो चुकी है। कितना सोयेंगे महाराज। अच्छा सुनिए। आज मैंने सपने में देखा कि आप चुनाव तक आराम की मुद्रा में ही रहने वाले हैं। यानी ऐसे ही सोए रहेंगे।
उन्होंने कहा कि सपने से याद आया कि दादरी की फ्लॉप रैली के बाद आपको समझ आ गया कि आपकी ज़मीन अब खोखली हो चुकी है। इसीलिए कोई रैली नहीं कर रहे हैं। राजभर ने कहा कि आपके ही 'खासमखास' लोग बता रहे हैं कि उस रैली का हश्र देखकर आप अब कोई दूसरी रैली करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। आप निराश और हताश हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि उठ जाइए महाराज, हम तो आपके मित्र हैं। मित्रता की वजह से आपकी चिंता रहती है मुझे। मंत्री राजभर ने कहा कि सिर्फ यादव और मियां भाई के वोट से काम नहीं बनेगा मित्र। ना ट्विटर, एसी-पीसी काम करेगा। इसलिए उठ जाग मुसाफिर भोर भयो। ज्ञात हो कि सुभासपा मुखिया ओपी राजभर लगातार सोशल मीडिया में सपा प्रमुख अखिलेश यादव को हर दिन घेर रहें। कहीं उनके वोट बैंक पर निशाना साधते तो कहीं उनके उठाए जा रहे राजनीतिक कदमों पर सवाल खड़ा कर रहे हैं।
--आईएएनएस
विकेटी/पीएम
