Aapka Rajasthan

ओडिशा से यूपी ले जाया जा रहा 440.63 किलो गांजा छत्तीसगढ़ में जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

जशपुर, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ की जशपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन आघात' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 440.63 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। गांजे को मिर्च की बोरियों के नीचे छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
 

जशपुर, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ की जशपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन आघात' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 440.63 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। गांजे को मिर्च की बोरियों के नीचे छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपए है। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे करीब 20 लाख रुपए कीमत के टाटा आयसर मिनी ट्रक को भी जब्त किया गया है। इस तरह मामले में कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपए की जब्ती की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय मोहम्मद वसीम और 34 वर्षीय मोहम्मद आसिफ के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के धूमनगंज थाना क्षेत्र के मुंडेरा गांव के रहने वाले हैं।

जशपुर जिले के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में जिले में नशे की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे जशपुर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर वाहनों की जांच कर रही थी।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक वाहन में गांजा लेकर तस्कर जशपुर जिले की सीमा में प्रवेश करने वाले हैं। इसके बाद लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर ओडिशा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच तेज कर दी गई।

इसी दौरान पुलिस ने ओडिशा की तरफ से आ रहे टाटा आयसर मिनी ट्रक को संदेह के आधार पर रुकवाया। ट्रक में सवार दो लोगों से पूछताछ की गई तो उन्होंने अपनी पहचान मोहम्मद वसीम और मोहम्मद आसिफ के रूप में बताई।

पुलिस ने जब ट्रक में लदे सामान के बारे में पूछा तो दोनों ने बताया कि उसमें मिर्च की बोरियां हैं, जिन्हें वे ओडिशा से उत्तर प्रदेश लेकर जा रहे हैं। शक होने पर पुलिस ने ट्रक में रखे सामान की बारीकी से तलाशी ली।

इस दौरान ट्रक के ऊपरी हिस्से में मिर्च से भरी बोरियां मिलीं। पुलिस ने जब इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की तो उनमें टेप से लिपटे कई पैकेट मिले। पैकेट खोलने पर उनमें गांजा पाया गया। पुलिस के मुताबिक कुल 14 बोरियों से गांजे के 440 पैकेट बरामद किए गए। इनका कुल वजन 440.63 किलोग्राम था।

आरोपियों से गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल ट्रक को जब्त कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

मामले में तपकरा थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज जा रहे थे। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किस व्यक्ति से खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में इसे किसके पास पहुंचाया जाना था।

पुलिस इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक जशपुर पुलिस गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 1,906 किलोग्राम गांजा बरामद कर चुकी है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपए है। इन मामलों में 22 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। तस्करी में इस्तेमाल 17 कार और एक पिकअप वाहन भी जब्त किया जा चुका है।

इस कार्रवाई में तपकरा थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, सहायक उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार और विनोद तिर्की के साथ एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा थाना पुलिस के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कार्रवाई को ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत बड़ी सफलता बताया। उन्होंने कहा कि लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस की सतर्कता और बेहतर तालमेल के कारण मिर्च की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 440.63 किलोग्राम गांजा पकड़ा गया।

उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। गांजा कहां से खरीदा गया, इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और उत्तर प्रदेश में इसे किसे पहुंचाया जाना था, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’ लगातार जारी रहेगा।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी