ओडिशा से भटकते-भटकते छत्तीसगढ़ पहुंचा हाथी 'राजू', हमीरपुर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
रायपुर, 28 नवंबर (आईएएनएस)। ओडिशा से भटकते-भटकते हाथी 'राजू' छत्तीसगढ़ पहुंच गया। हाथी को देखने के लिए हमीरपुर में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी, लेकिन इस घटना को लेकर वन विभागों के बीच तालमेल पर सवाल उठ रहे हैं।
दरअसल, ओडिशा के अलग-अलग इलाकों में पिछले कुछ दिनों से भटक रहा हाथी 'राजू' आखिरकार चलते-चलते छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के हमीरपुर पहुंच गया। हाथी के गांव के पास पहुंचने की खबर फैलते ही उसे देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इलाके में हलचल का माहौल है। सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ और ओडिशा वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। वहीं, ग्रामीणों को लगातार हाथी से दूरी बनाए रखने और उसके करीब नहीं जाने की सलाह दी जा रही है।
इस पूरे मामले में अब दोनों राज्यों के वन विभागों के बीच समन्वय को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। छत्तीसगढ़ वन विभाग के अधिकारियों का आरोप है कि ओडिशा के वन विभाग द्वारा हाथी को जबरन छत्तीसगढ़ की सीमा की ओर खदेड़ा जा रहा है।
इतना ही नहीं, छत्तीसगढ़ के अधिकारियों को हाथी के संबंध में स्पष्ट जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों के सामने सबसे बड़ी परेशानी यह है कि उन्हें यह तक स्पष्ट नहीं बताया जा रहा कि हाथी पालतू है या जंगली। ऐसी स्थिति में हाथी की सही तरीके से ट्रैकिंग और उसके व्यवहार का आकलन करना मुश्किल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि हाथी 'राजू' का महावत ओडिशा में गांजे से जुड़े मामले में गिरफ्तार होकर जेल में बंद है। महावत की गिरफ्तारी के बाद से हाथी किसी की बात नहीं मान रहा है और अपने ही अंदाज में विचरण कर रहा है। हालांकि, इस संबंध में ओडिशा वन विभाग के अधिकारियों के बयानों में भी विरोधाभास सामने आ रहा है। कभी हाथी को पालतू बताया जा रहा है और उसके महावत के जेल में होने की बात कही जा रही है, तो कुछ देर बाद अधिकारी अपनी ही बात से पलटते नजर आ रहे हैं।
ओडिशा वन विभाग के अधिकारी इस पूरे मामले में अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते दिखाई दे रहे हैं। उनका कहना है कि हाथी को किसी ने जबरदस्ती छत्तीसगढ़ की ओर नहीं खदेड़ा है, बल्कि वह खुद विचरण करते हुए ओडिशा से रायगढ़ की ओर पहुंचा है।
अधिकारी हाथी के महावत की गांजे के मामले में गिरफ्तारी और जेल में बंद होने की जानकारी से भी अनभिज्ञता जता रहे हैं। फिलहाल, हमीरपुर में हाथी 'राजू' की मौजूदगी से ग्रामीणों में कौतूहल के साथ-साथ दहशत का माहौल भी है।
वन विभाग की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब हाथी के पालतू या जंगली होने की स्थिति ही स्पष्ट नहीं है और दोनों राज्यों के वन विभागों के बीच जानकारी का अभाव है तो आखिर हाथी की सुरक्षित निगरानी और ग्रामीणों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी?
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी
