Aapka Rajasthan

ओडिशा: रुक-रुक कर बारिश के बीच महाप्रभु जगन्नाथ की रथयात्रा की तैयारी पूरी, भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु

पुरी, 16 जुलाई (आईएएनएस)। ओडिशा के पुरी समेत देशभर में महाप्रभु जगन्नाथ की रथ यात्रा की तैयारी हो चुकी है। रथ यात्रा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुरी पहुंचे हैं। यहां रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इसके बाद भी रथ यात्रा की तैयारियां जोरों पर है। रथ यात्रा के सुचारू आयोजन के लिए प्रशासन और पुलिस सतर्क है।
 

पुरी, 16 जुलाई (आईएएनएस)। ओडिशा के पुरी समेत देशभर में महाप्रभु जगन्नाथ की रथ यात्रा की तैयारी हो चुकी है। रथ यात्रा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुरी पहुंचे हैं। यहां रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इसके बाद भी रथ यात्रा की तैयारियां जोरों पर है। रथ यात्रा के सुचारू आयोजन के लिए प्रशासन और पुलिस सतर्क है।

भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा से पहले कल देर रात से ही पुरी में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बारिश की वजह से कई जगहों पर जलभराव की खबर है। इसके बाद भी श्रद्धालुओं में उत्साह इतना है कि वे इस उत्सव के लिए बड़ी संख्या में इकट्ठा हो रहे हैं।

रथ यात्रा से पहले मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन कार्यालय में एडवांस्ड डिजिटल हुंडी 'समर्पण' का उद्घाटन किया। इस नई व्यवस्था से दुनियाभर के भक्त यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग, डेबिट और क्रेडिट कार्ड और वाट्सअप के जरिए दान कर सकेंगे, जिससे दान देना ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो जाएगा।

मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा, "यह एक ऐसी व्यवस्था है, जिसके आधार पर कोई भी व्यक्ति महाप्रभु जगन्नाथ जी के मंदिर की प्रगति और नियमित कामकाज के लिए सहयोग कर सकता है।"

पुरी के जिलाधिकारी दिव्य ज्योति परिदा ने बीते दिन रथ यात्रा की तैयारियों को लेकर बताया था, "महाप्रभु के आशीर्वाद से तीनों रथ अब अपनी तय जगहों पर पहुंच गए हैं। यह सेवायतों, पुलिस बल और प्रशासन के अधिकारियों की मिली-जुली कोशिशों से मुमकिन हो पाया है। अब हमारी प्राथमिकता अलग-अलग विभागों की चल रही तैयारियों को आखिरी चरण तक पहुंचाना और यह पक्का करना है कि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो।

मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार प्रकाश ने बीते दिन बताया था, "सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मंदिर के बाहर होने वाली आखिरी रस्म भी अब पूरी हो गई है। अब हम कल सुबह भगवान के आगमन का इंतजार कर रहे हैं और उम्मीद है कि सभी रस्में समय पर होंगी और रथ खींचने का काम भी तय समय पर शुरू हो जाएगा। सुरक्षा के सभी इंतजाम कर लिए गए हैं, और हमने पिछली बार हुई कमियों को भी ध्यान में रखा है।

--आईएएनएस

एसडी/वीसी