Aapka Rajasthan

ओडिशा में भाजपा सरकार के दो साल पूरे, सीएम माझी ने विकास यात्रा को बताया जनआशीर्वाद का परिणाम

भुवनेश्वर, 12 जून (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अपनी सरकार के 2 साल पूरे होने पर भगवान, जनता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने जनता को संबोधित करते हुए एक्स पर पोस्ट किया, "12 जून 2024 को, यानी ठीक दो साल पहले भगवान जगन्नाथ की असीम कृपा और आपके आशीर्वाद व अटूट भरोसे से राज्य में सुशासन के एक नए युग की शुरुआत हुई थी। इस धरती के बेटे के तौर पर मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र के मार्गदर्शन में आपकी सेवा करने का पवित्र दायित्व सौंपा गया था।"
 
मुख्यमंत्री ने कहा, "एक स्वयंसेवक के समर्पित भाव के साथ मैंने शिक्षक से सरपंच और फिर विधायक बनकर लोगों के सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहने का जो सफर शुरू किया था, वह आज भी जारी है। आपका (जनता) सच्चा स्नेह और आशीर्वाद ही मेरी असली ताकत है। मैं आपमें से ही एक हूं, आपका भाई, आपका बेटा, आपका मोहन। मेरे लिए मुख्यमंत्री का यह पद सत्ता का आसन नहीं, बल्कि जनसेवा का एक पवित्र माध्यम है।"

मोहन चरण माझी ने कहा, "पिछले दो वर्षों में हमारी जन-सरकार ने न केवल शासन चलाया है, बल्कि सेवा, समर्पण और अच्छे प्रशासन के माध्यम से हर ओडिशा वासी का भरोसा भी जीता है। गांवों से शहरों तक, खेतों से उद्योगों तक, शिक्षा से स्वास्थ्य तक, आज हर क्षेत्र में विकास की जो नई लहर बह रही है, उसके पीछे आपका अमूल्य आशीर्वाद और सहयोग है। यह दो साल का सफर सिर्फ समय का पैमाना नहीं है, यह सेवा, समर्पण और एक समृद्ध ओडिशा बनाने का एक संकल्पित यज्ञ है। मेरा सपना एक समृद्ध, सशक्त और विकसित ओडिशा बनाने का है। यह सपना सिर्फ मेरा नहीं है, यह चार करोड़ से अधिक ओडिया लोगों का सामूहिक संकल्प है।"

मुख्यमंत्री ने कहा, " आइए हम सब मिलकर 'मां उत्कल' की सेवा में खुद को पूरी तरह समर्पित करें और सामूहिक प्रयासों से विकास की इस धारा को और तेज करें। मेरे जीवन का हर पल इस पवित्र धरती की सेवा के लिए समर्पित है और हमेशा रहेगा। विकास के इस सफर में आपका अटूट स्नेह और भरोसा ही मेरी एकमात्र पूंजी है। सेवा के इस निरंतर यज्ञ के असली नायक आप ही हैं।"

ओडिशा में 147 सीटों के लिए 13 मई से 1 जून 2024 तक विधानसभा चुनाव हुए थे और परिणाम 4 जून को घोषित किए गए। इस चुनाव में भाजपा ने विधानसभा में 78 सीटें जीतकर साधारण बहुमत हासिल कर नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजू जनता दल (बीजेडी) सरकार का 24 साल का कार्यकाल समाप्त किया था। 12 जून 2024 को क्योंझर से विधायक मोहन चरण मांझी ने ओडिशा के 15वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

--आईएएनएस

ओपी/वीसी