Aapka Rajasthan

वनडे सीरीज: बेथ मूनी की दमदार पारी, भारत को 6 विकेट से हराकर ऑस्ट्रेलिया ने बनाई 1-0 से लीड

ब्रिस्बेन, 24 फरवरी (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ एलन बॉर्डर फील्ड में खेले गए वनडे सीरीज के पहले मैच को 6 विकेट से अपने नाम किया। इसी के साथ मेजबान टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। सीरीज के अगले दो मैच 27 फरवरी और 1 मार्च को होबार्ट में खेले जाने हैं।
 
वनडे सीरीज: बेथ मूनी की दमदार पारी, भारत को 6 विकेट से हराकर ऑस्ट्रेलिया ने बनाई 1-0 से लीड

ब्रिस्बेन, 24 फरवरी (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ एलन बॉर्डर फील्ड में खेले गए वनडे सीरीज के पहले मैच को 6 विकेट से अपने नाम किया। इसी के साथ मेजबान टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। सीरीज के अगले दो मैच 27 फरवरी और 1 मार्च को होबार्ट में खेले जाने हैं।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम 48.3 ओवरों में महज 214 रन पर सिमट गई। भारत को दूसरी गेंद पर प्रतीका रावल (0) के रूप में झटका लगा। प्रतीका उस समय तक अपना खाता भी नहीं खोल सकी थीं। इसके बाद टीम ने 52 के स्कोर तक शेफाली वर्मा (4) और जेमिमा रोड्रिगेज (8) का विकेट भी गंवा दिया।

यहां से कप्तान हरमनप्रीत कौर ने स्मृति मंधाना के साथ चौथे विकेट के लिए 72 गेंदों में 48 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 100 के स्कोर तक पहुंचाया। मंधाना 68 गेंदों में 7 चौकों के साथ 58 रन बनाकर आउट हुईं। हरमनप्रीत कौर ने ऋचा घोष के साथ छठे विकेट के लिए 37 रन, जबकि काश्वी गौतम के साथ सातवें विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी करते हुए भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

कौर 84 गेंदों में 3 चौकों के साथ 53 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि काश्वी गौतम ने 43 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। ऋचा घोष ने 23 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से एश्ले गार्डनर ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि मेगन शट्ट ने 2 विकेट निकाले। 1-1 विकेट डार्सी ब्राउन, अलाना किंग, ताहलिया मैकग्राथ और सोफी मोलिनेक्स ने अपने नाम किया।

इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 38.2 ओवरों में जीत हासिल कर ली। मेजबान टीम को कप्तान एलिसा हीली और फोएबे लिचफील्ड की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 10.3 ओवरों में 55 रन जोड़े। लिचफील्ड 32 गेंदों में 6 चौकों के साथ 32 रन बनाकर आउट हुईं। अगली गेंद पर श्री चरणी ने जॉर्जिया वोल (0) का विकेट भी हासिल कर लिया।

ऑस्ट्रेलियाई टीम 55 के स्कोर तक अपने 2 विकेट खो चुकी थी। यहां से हीली ने बेथ मूनी के साथ 77 गेंदों में 64 रन जुटाकर टीम को जीत की पटरी पर ला दिया। कप्तान हीली 70 गेंदों में 4 चौकों के साथ 50 रन बनाकर आउट हुईं, जहां से मूनी ने एनाबेल सदरलैंड के साथ 80 गेंदों में 85 रन जोड़कर टीम ऑस्ट्रेलिया को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया।

मूनी 79 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 76 रन बनाकर आउट हुईं, जहां से सदरलैंड (नाबाद 48) ने एश्ले गार्डनर (नाबाद 5) के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई। भारत की तरफ से श्री चरणी ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए। क्रांति गौड़ और दीप्ति शर्मा ने 1-1 विकेट निकाला।

--आईएएनएस

आरएसजी