वनडे सीरीज: अयाबोंगा का 'छक्का', रोमांचक मैच में साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 2 विकेट से हराया
क्राइस्टचर्च, 29 मार्च (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका की महिला टीम ने हैगली ओवल में रविवार को खेले गए वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। इसी के साथ मेहमान टीम ने 3 मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। अगले मुकाबले 1 और 4 अप्रैल को वेलिंगटन में खेले जाने हैं।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी न्यूजीलैंड की टीम 268 रन पर सिमट गई। इस टीम को सूजी बेट्स और जॉर्जिया प्लिम्मर की जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 9.1 ओवरों में 42 रन जोड़े।
बेट्स 20 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि जॉर्जिया ने 28 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। कप्तान अमेलिया केर ने 36 रन की पारी खेली। टीम 112 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो चुकी थी। यहां से मैडी ग्रीन ने इजाबेला गेज के साथ पांचवें विकेट के लिए 81 गेंदों में 70 रन की साझेदारी की।
मैडी 83 गेंदों में 9 चौकों के साथ 85 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि गेज ने 37 रन बनाए। इनके अलावा, जेस केर ने 24 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।
साउथ अफ्रीका की तरफ से अयाबोंगा खाका ने 10 ओवरों में 56 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। इनके अलावा, क्लोई ट्रायॉन ने 2 विकेट निकाले। 1-1 विकेट तुमी सेखुखुने और नादिन डी क्लार्क ने हासिल किए।
इसके जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम ने अंतिम गेंद पर जीत दर्ज की। इस टीम ने 30 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए थे। यहां से एनेरी डर्कसेन ने सुने लुस के साथ तीसरे विकेट के लिए 141 गेंदों में 123 रन जुटाकर टीम को जीत की पटरी पर ला दिया।
डर्कसेन 93 गेंदों में 8 चौकों के साथ 72 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि लुस ने 53 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इस बीच कायला रेनेके ने नादिन डी क्लर्क के साथ सातवें विकेट के लिए 48 रन जुटाए।
नादिन 39 रन बनाकर आउट हुईं। रेनेके ने 32 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ नाबाद 42 रन बनाए। इस टीम ने अंतिम ओवर में 14 रन बनाकर यह मैच जीता। बेट्स ने अंतिम गेंद पर मैच जिताऊ छक्का लगाया। विपक्षी खेमे से जेस केर, रोजमेरी मेयर और अमेलिया केर ने 2-2 विकेट हासिल किए। ब्री इलिंग और सूजी बेट्स के नाम 1-1 विकेट रहा।
--आईएएनएस
आरएसजी
