वनडे डेब्यू के बाद आकिब नबी जम्मू-कश्मीर के रणजी ट्रॉफी तैयारी कैंप में शामिल
श्रीनगर, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। तेज गेंदबाज आकिब नबी ने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू किया था। अब नबी को जम्मू-कश्मीर की सीनियर पुरुष रणजी ट्रॉफी तैयारी कैंप के लिए 18 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है, जो मंगलवार को शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में शुरू होगा।
सिलेक्शन कमेटी की मंजूरी के बाद सेक्रेटरी विवेक खजूरिया ने कैंप के लिए खिलाड़ियों की लिस्ट जारी की। नबी के साथ तेज गेंदबाज उमरान मलिक, अनुभवी बल्लेबाज और कप्तान पारस डोगरा, अब्दुल समद, शुभम खजूरिया, कामरान इकबाल और बाएं हाथ के स्पिनर आबिद मुश्ताक जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं।
नबी, उमरान मलिक और परवेज रसूल के बाद भारत के लिए खेलने वाले जम्मू-कश्मीर के तीसरे खिलाड़ी बने थे। हालांकि, बल्लेबाजों के लिए मददगार गुवाहाटी की पिच पर नबी ने बगैर कोई विकेट हासिल किए 8.4 ओवर में 84 रन दिए। भारत की वनडे टीम में चुने जाने के कारण नबी जम्मू-कश्मीर के लिए हाल ही में हुए ईरानी कप मैच में नहीं खेल पाए, जिसमें टीम को 'रेस्ट ऑफ इंडिया' से 167 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।
2025/26 रणजी ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर के लिए 60 विकेट लेकर पहली बार टाइटल जीतने में मदद करने के बाद नबी को अगस्त में श्रीलंका सीरीज के लिए भारत की टेस्ट टीम में शामिल किया गया था, लेकिन वह उस दौरे पर प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन सके। इसके बाद उन्होंने सरे के साथ काउंटी चैंपियनशिप में कुछ समय बिताया था। अक्टूबर-नवंबर में होने वाले न्यूजीलैंड के 'ए' टीम दौरे (तीन मैच) और टेस्ट सीरीज (दो मैच) के लिए भारतीय टीम चुनने से पहले चयनकर्ता नबी के प्रदर्शन पर बारीकी से नजर रखेंगे।
जम्मू-कश्मीर अपनी रणजी ट्रॉफी का बचाव मध्य प्रदेश के खिलाफ 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले मैच से करेगा और फिर 18 अक्टूबर से शुरू होने वाले मैच में विदर्भ की मेजबानी करेगा। वे बड़ौदा के खिलाफ एक 'अवे' मैच भी खेलेंगे और फिर व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट के लिए रणजी ट्रॉफी सीजन में ब्रेक आने से पहले पुडुचेरी की अपने घरेलू मैदान पर मेजबानी करेंगे।
जम्मू-कश्मीर रणजी ट्रॉफी तैयारी कैंप में शामिल खिलाड़ी: शुभम खजूरिया, यावर हसन, कामरान इकबाल, अब्दुल समद, पारस डोगरा, कवलप्रीत सिंह, शुभम पुंडीर, कन्हैया वधावन, आबिद मुश्ताक, वंशज शर्मा, रोहित शर्मा, आकिब नबी, उमरान मलिक, सुनील कुमार, उमर नजीर, लोन नासिर मुजफ्फर, साहिल लोट्रा और वसीम बशीर।
--आईएएनएस
आरएसजी
