Aapka Rajasthan

ओडेसा के रिहायशी इलाके में रूसी ड्रोन हमले में कई लोगों की मौत, यूक्रेन को यूरोपीय संघ से 45 अरब यूरो मदद की उम्‍मीद

कीव, 18 नवंबर (आईएएनएस)। ओडेसा के केंद्र में रिहायशी इलाके पर रूसी 'शहेद' ड्रोन हमले में कई लोगों की जान गई और कई घायल हुए। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इसे आम लोगों पर जानबूझकर किया गया क्रूर हमला बताते हुए रूस पर अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ाने और समर्थन जारी रखने की अपील की है।
 

कीव, 18 नवंबर (आईएएनएस)। ओडेसा के केंद्र में रिहायशी इलाके पर रूसी 'शहेद' ड्रोन हमले में कई लोगों की जान गई और कई घायल हुए। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इसे आम लोगों पर जानबूझकर किया गया क्रूर हमला बताते हुए रूस पर अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ाने और समर्थन जारी रखने की अपील की है।

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर हमले की जानकारी साझा करते हुए बताया क‍ि ओडेसा में रूसी ड्रोन हमलों से प्रभावित लोगों को मदद दी जा रही है। बचावकर्मी और पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद भी हमले जारी रहे।

उन्‍होंने बताया क‍ि 'शहेद' ड्रोन ने ओडेसा के बिल्कुल केंद्र में एक रिहायशी इलाके को निशाना बनाया। दुर्भाग्य से, इसमें कुछ लोगों की जान चली गई है। घटनास्थल पर अभी भी हमले के बाद की स्थिति से निपटा जा रहा है। सभी घायलों को जरूरी इलाज और देखभाल दी जा रही है।

राष्ट्रपति ने कहा क‍ि यह एक क्रूर और जानबूझकर किया गया हमला था, जिसका सीधा निशाना आम लोग और इंसानी जानें थीं। यह इस बात का एक और सबूत है कि रूस असल में क्या चाहता है और कूटनीतिक प्रयासों को वह किस नजरिए से देखता है।

उन्‍होंने कहा कि जब तक रूस पर अंतरराष्ट्रीय दबाव नहीं बढ़ाया जाता और यूक्रेन को वास्तविक समर्थन नहीं मिलता, तब तक रूस के पास तनाव कम करने और शांति की दिशा में आगे बढ़ने का कोई ठोस कारण नहीं होगा। जो कोई भी शांति के लिए बातचीत करना चाहता है, वह हत्याओं को और नहीं बढ़ाता।

जेलेंस्की ने कहा, ''मैं उन सभी लोगों को धन्यवाद देता हूं जो इस बात को समझते हैं और यूक्रेन को लगातार जरूरी समर्थन दे रहे हैं। हम यूक्रेन की सुरक्षा के लिए और उपाय कर रहे हैं, नए सहायता पैकेज तैयार कर रहे हैं और कूटनीति को बढ़ावा देने के लिए अपने सहयोगियों के साथ मिलकर नए कदम उठा रहे हैं।''

जेलेंस्‍की ने एक अन्‍य पोस्‍ट में ल‍िखा, ''यूक्रेन ने कहा कि यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ पहले हुई चर्चा अब एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आ रही है, जो यूक्रेन की मजबूती और कूटनीतिक प्रयासों को बड़ा सहारा दे सकती है।''

जेलेंस्‍की ने कहा कि उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय आयोग का धन्यवाद, जिन्होंने यूक्रेन के लिए 'को-ऑर्डिनेटेड सपोर्ट इंस्ट्रूमेंट' बनाने का प्रस्ताव रखा है। इस व्यवस्था के तहत यूरोपीय संघ (ईयू) यूक्रेन को 45 अरब यूरो तक की वित्तीय सहायता उपलब्ध करा सकता है। यह सहायता 'यूक्रेन सपोर्ट लोन' के तहत पहले से मौजूद यूरोपीय संघ की प्रतिबद्धताओं के अलावा होगी और वर्ष 2027 के लिए यूक्रेन की बजटीय और रक्षा संबंधी जरूरतों का बड़ा हिस्सा पूरा करने में मदद करेगी।

उन्‍होंने कहा क‍ि यूक्रेन ने उम्मीद जताई है कि यूरोपीय संसद और यूरोपीय संघ की परिषद जल्द से जल्द इस प्रस्ताव को मंजूरी देंगे। साथ ही सभी ईयू सदस्य देशों के समर्थन की भी अपेक्षा व्यक्त की गई है।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी