'विपरीत परिस्थितियों में नई आशा', अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर नर्सों की सेवा और समर्पण को नेताओं का नमन
नई दिल्ली, 12 मई (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता समेत कई भाजपा नेताओं ने नर्सों को शुभकामनाएं दीं और उनके योगदान को सराहा। साथ ही, उन्होंने नर्सों को सेवा, संवेदना और समर्पण की मिसाल बताया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "सेवा, संवेदना और समर्पण की सजीव प्रतिमूर्ति 'नर्सें' स्वास्थ्य व्यवस्था की सशक्त आधारशिला हैं। अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस की सभी नर्सिंग कर्मियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। विपरीत परिस्थितियों में भी आपका सतत प्रयास समाज को नई आशा और संबल प्रदान करता है।"
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने भी नर्सों के समर्पण, धैर्य और संवेदनशीलता को प्रेरणा स्त्रोत बताया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "निस्वार्थ सेवा और अटूट कर्तव्यनिष्ठा से मानवता की सेवा करने वाली सभी नर्सों को अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। कठिन से कठिन परिस्थितियों में आपकी सेवा, धैर्य और संवेदनशीलता मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। समाज आपके इस अमूल्य योगदान का सदैव ऋणी रहेगा।"
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "चिकित्सा क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से सेवारत समस्त नर्सिंग कर्मियों को अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! मानव सेवा के प्रति आपका समर्पण प्रत्येक परिस्थिति में समाज को नई आशा और संबल प्रदान करता है। स्वस्थ राजस्थान एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में आपकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी है।"
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "देश में नर्सिंग सेवा से जुड़े सभी कर्मियों व नर्सों को 'अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस' की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मानवता की सेवा को अपना सर्वोच्च धर्म मानकर स्नेह, करुणा और समर्पण भाव से निरंतर कार्य कर रहे सभी नर्सिंग कर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, त्याग एवं सेवाभाव हम सबके लिए प्रेरणादायक है।"
मध्य प्रदेश सीएम डॉ. मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं है, बल्कि सेवा, संवेदना और करुणा का जीवंत रूप है। समर्पण और धैर्य के साथ हर परिस्थिति में अपनी सेवाएं दे रहे सभी नर्स भाई-बहनों को 'अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस' की हार्दिक शुभकामनाएं! आप सभी मानवता की सेवा निरंतर करते रहें, आपको ईश्वर इसके लिए अथाह शक्ति दें।"
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस
