Aapka Rajasthan

एनटीए बनाएगी विशेषज्ञों का पैनल, अनुभवी शिक्षकों से मांगे आवेदन

नई दिल्ली, 16 सितंबर (आईएएनएस)। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के लिए विषय विशेषज्ञों को अपने पैनल में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके लिए अनुभवी शिक्षकों, शोधकर्ताओं और शिक्षाविदों से आवेदन मांगे गए हैं। इन विशेषज्ञों की मदद से परीक्षा के लिए बेहतर और सटीक प्रश्न तैयार किए जाएंगे। साथ ही प्रश्नों की समीक्षा और जांच भी की जाएगी। विशेषज्ञ यह देखेंगे कि प्रश्न विषय की सही अवधारणाओं पर आधारित हों, भाषा स्पष्ट हो और उनका कठिनाई स्तर परीक्षा के अनुरूप हो।
 

नई दिल्ली, 16 सितंबर (आईएएनएस)। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के लिए विषय विशेषज्ञों को अपने पैनल में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके लिए अनुभवी शिक्षकों, शोधकर्ताओं और शिक्षाविदों से आवेदन मांगे गए हैं। इन विशेषज्ञों की मदद से परीक्षा के लिए बेहतर और सटीक प्रश्न तैयार किए जाएंगे। साथ ही प्रश्नों की समीक्षा और जांच भी की जाएगी। विशेषज्ञ यह देखेंगे कि प्रश्न विषय की सही अवधारणाओं पर आधारित हों, भाषा स्पष्ट हो और उनका कठिनाई स्तर परीक्षा के अनुरूप हो।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के अनुसार विषय विशेषज्ञों की एक अहम जिम्मेदारी प्रश्नों में एकरूपता और निष्पक्षता बनाए रखना भी होगी। वे यह सुनिश्चित करने में मदद करेंगे कि प्रश्न निर्धारित पाठ्यक्रम और परीक्षा की रूपरेखा के अनुरूप हों। बहुभाषी परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए अनुवाद और भाषाई रूपांतरण में भी विशेषज्ञों की भूमिका रहेगी। उन्हें विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में प्रश्नों का सटीक और सहज रूपांतरण करना होगा, ताकि भाषा बदलने पर प्रश्न का मूल अर्थ प्रभावित न हो। एनटीए के इस पैनल के लिए सेवारत और सेवानिवृत्त शिक्षक, प्रोफेसर, स्कूल शिक्षक तथा विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ आवेदन कर सकते हैं।

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि आवेदकों के पास संबंधित विषय में स्पष्ट और प्रमाणित विशेषज्ञता होनी चाहिए। इच्छुक उम्मीदवार एनटीए के आधिकारिक पोर्टल के जरिए अपना रुचि पत्र जमा कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर है। इस पहल के तहत विशेषज्ञ प्रश्न निर्माण, प्रश्नों की समीक्षा, मानकीकरण तथा बहुभाषी परीक्षा सामग्री तैयार करने जैसे कार्यों में योगदान देंगे। इससे राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के लिए प्रश्नों की गुणवत्ता और मूल्यांकन प्रक्रिया को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

बता दें कि इससे पहले नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने के लिए के लिए सुझाव मांगे थे। नीट समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से ये सुझाव मांगे गए थे। बड़े सुधारों के अंतर्गत नेशनल टेस्टिंग एजेंसी में तीन वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई थी। इनमें 2 डायरेक्टर और एक जॉइंट डायरेक्टर स्तर के अधिकारी शामिल थे। इसके साथ ही सरकार की ओर से परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों समेत आम लोगों से सुझाव मांगे गए थे।

सरकार की ओर से लोगों से अपील की गई थी कि वे अपने सुझाव व्हाट्सऐप, वेबसाइट, टोल-फ्री नंबर या ईमेल के जरिए भेज सकते हैं। सुझाव अंग्रेजी, हिंदी या किसी भी क्षेत्रीय भाषा में दिए जा सकते थे। दरअसल, एनटीए पिछले कुछ समय से देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रवेश और भर्ती परीक्षाओं के संचालन को लेकर सवालों के घेरे में रहा है। खास तौर पर नीट-यूजी में पेपर लीक, परीक्षा में गड़बड़ी, परिणाम और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े विवादों के बाद एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे थे।

ऐसे में एनटीए में वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्तियों, सुझाव व विशेषज्ञों की नियुक्ति को परीक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

--आईएएनएस

जीसीबी/डीकेपी