एआईएपीजीईटी में गड़बड़ी पर एनटीए सख्त, एडुक्विटी करियर टेक्नोलॉजीज को नोटिस जारी
नई दिल्ली, 22 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने जयपुर के एक सेंटर पर अखिल भारतीय आयुष स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा (एआईएपीजीईटी) के आयोजन में हुई गड़बड़ियों के लिए एडुक्विटी करियर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट शेयर कर यह स्पष्ट किया कि नोटिस पर कोई फैसला होने तक एजेंसी के साथ एडुक्विटी का एम्पैनलमेंट तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
दरअसल, एनटीए ने शनिवार को देश भर में निर्धारित कुल 200 परीक्षा केंद्रों पर एआईएपीजीईटी आयोजित की।
एआईएपीजीईटी की पहली शिफ्ट की परीक्षा में शामिल होने के लिए कुल 36,979 उम्मीदवारों ने सफलतापूर्वक अपना रजिस्ट्रेशन किया था, जिनमें से 35,788 उम्मीदवारों की परीक्षा पूरी हो गई, लेकिन जयपुर के श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज केंद्र पर 192 उम्मीदवारों के लिए आयोजित परीक्षा में से 49 उम्मीदवार बिजली जाने के कारण परीक्षा पूरी नहीं कर सके।
इसी को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा, "एआईएपीजीईटी परीक्षा 22 अगस्त 2026 को पहली शिफ्ट में 36,979 रजिस्टर्ड उम्मीदवारों के लिए आयोजित की गई थी, जिसमें देश भर के 200 केंद्रों पर 35,837 उम्मीदवार शामिल हुए। 35,788 उम्मीदवारों की परीक्षा पूरी हो गई। हालांकि, जयपुर के श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज केंद्र पर, जहां 192 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे, उनमें से 49 उम्मीदवार बिजली जाने के कारण परीक्षा पूरी नहीं कर सके।"
एनटीए ने आगे लिखा, "यह समस्या परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी, एडुक्विटी करियर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड की वजह से हुई थी। जो उम्मीदवार परीक्षा पूरी नहीं कर सके, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) उन्हें हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करती है। उनकी दोबारा परीक्षा 1 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर वुमेन, जयपुर में आयोजित की जाएगी।"
एनटीए ने उम्मीदवारों को बताया कि शनिवार को जिन कैंडिडेट्स की परीक्षा अधूरी रह गई, ऐसे उम्मीदवारों के लिए जारी किए जाने वाले संशोधित एडमिट कार्ड की जानकारी आगे दी जाएगी।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम
