Aapka Rajasthan

एनएसआईसी में आरक्षित श्रेणियों के लिए विशेष भर्ती शुरू, 42 पदों पर करें आवेदन, जानें पूरी डिटेल

नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। नेशनल स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएसआईसी) में नौकरी करने के इच्छुक लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। एनएसआईसी ने एससी, एसटी और ओबीसी (पीडब्ल्यूबीडी सहित) के लिए विशेष भर्ती अभियान के तहत कुल 42 रिक्तियों की घोषणा की है।
 

नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। नेशनल स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएसआईसी) में नौकरी करने के इच्छुक लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। एनएसआईसी ने एससी, एसटी और ओबीसी (पीडब्ल्यूबीडी सहित) के लिए विशेष भर्ती अभियान के तहत कुल 42 रिक्तियों की घोषणा की है।

एनएसआईसी की ओर से जारी की गई 42 रिक्तियों में जनरल मैनेजर (ई-5) के 3 पद, डिप्टी जनरल मैनेजर (ई-4) का 1 पद, डिप्टी जनरल मैनेजर (एफ एंड ए) (ई-4) का 1 पद, चीफ मैनेजर (ई-3) के 2 पद, चीफ मैनेजर (एफ एंड ए) (ई-3) का 1 पद, डिप्टी मैनेजर (ई-1) के 7 पद, डिप्टी मैनेजर (एफ एंड ए) (ई-1) के 6 पद, असिस्टेंट मैनेजर (ई-0) के 13 पद और असिस्टेंट मैनेजर (एफ एंड ए) (ई-0) के 8 पद शामिल हैं।

इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 21 नवंबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 14 दिसंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एनएसआईसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद अभ्यर्थियों को ऑनलाइन भरे गए आवेदन के प्रिंटआउट विस्तृत सीवी के साथ 'उप महाप्रबंधक - मानव संसाधन, द नेशनल स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड, एनएसआईसी भवन, ओखला इंडस्ट्रियल एस्टेट, नई दिल्ली-110020' के पते पर साधारण डाक/पंजीकृत डाक/स्पीड पोस्ट/कूरियर/स्वयं द्वारा (हाथों-हाथ) 21 दिसंबर की शाम 6 बजे तक या उससे पहले पहुंचाने होंगे।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ जनरल मैनेजर (ई-5) (व्यापार विकास) के लिए मार्केटिंग या फाइनेंस में स्पेशलाइजेशन के साथ ग्रेजुएट और दो वर्ष का एमबीए या चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए)/कॉस्ट अकाउंटेंट (सीएमए) होना चाहिए।

डिप्टी जनरल मैनेजर (ई-4) (टेक्नोलॉजी) के लिए इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन/इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में फर्स्ट क्लास बीई/बीटेक डिग्री होनी चाहिए।

डिप्टी जनरल मैनेजर (वित्त और लेखा) (ई-4) के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए)/कॉस्ट अकाउंटेंट (सीएमए) या कॉमर्स में ग्रेजुएट और फाइनेंस में स्पेशलाइजेशन के साथ एमबीए होना चाहिए।

चीफ मैनेजर (ई-3) (कानून और वसूली) के लिए एलएलबी डिग्री या फर्स्ट क्लास 5-वर्षीय इंटीग्रेटेड लॉ डिग्री; चीफ मैनेजर (ई-3) (व्यापार विकास) के लिए मार्केटिंग या फाइनेंस में विशेषज्ञता के साथ स्नातक और दो वर्ष का एमबीए या चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए)/कॉस्ट अकाउंटेंट (सीएमए) होना चाहिए।

चीफ मैनेजर (वित्त और लेखा) (ई-3) के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए)/कॉस्ट अकाउंटेंट (सीएमए) या कॉमर्स में ग्रेजुएट और साथ में दो वर्ष का एमबीए, जिसमें फाइनेंस में स्पेशलाइजेशन हो, होना चाहिए।

डिप्टी मैनेजर (ई-1) (कानून और वसूली) के लिए फर्स्ट क्लास एलएलबी डिग्री या फर्स्ट क्लास 5-वर्षीय इंटीग्रेटेड लॉ डिग्री; डिप्टी मैनेजर (ई-1) (व्यवसाय विकास) के लिए मार्केटिंग/फाइनेंस में विशेषज्ञता के साथ स्नातक और दो वर्ष का एमबीए और डिप्टी मैनेजर (ई-1) (राजभाषा) के लिए हिंदी में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री के साथ ही ग्रेजुएट स्तर पर अंग्रेजी एक अनिवार्य या वैकल्पिक विषय के रूप में होनी चाहिए।

डिप्टी मैनेजर (वित्त और लेखा) (ई-1) के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए)/कॉस्ट अकाउंटेंट (सीएमए) या कॉमर्स में ग्रेजुएट और साथ में दो वर्ष का एमबीए, जिसमें फाइनेंस में स्पेशलाइजेशन हो, होना चाहिए।

असिस्टेंट मैनेजर (ई-0) (टेक्नोलॉजी) के लिए सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग/इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी या इनके किसी संयोजन में 4 वर्ष की बीई/बीटेक डिग्री होनी चाहिए। हालांकि, इस पद के लिए केवल गेट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवार ही आवेदन कर सकते हैं। नवीनतम गेट स्कोर (2025 और 2026 मान्य होंगे) आवश्यक है।

असिस्टेंट मैनेजर (वित्त और लेखा) (ई-0) के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए)/सीएमए (आईसीडब्ल्यूए) या कॉमर्स में ग्रेजुएट और साथ ही दो वर्ष का एमबीए, जिसमें फाइनेंस में स्पेशलाइजेशन हो, होना चाहिए। इसके अतिरिक्त, इन पोस्ट के लिए कैंडिडेट्स के पास पद के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित 2 से 15 वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।

आवेदकों की अधिकतम आयु पदों के अनुसार 28 से 45 वर्ष के बीच तय की गई है। योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों का व्यक्तिगत साक्षात्कार, कंप्यूटर आधारित टेस्ट (कुछ पदों के लिए), दस्तावेज सत्यापन, आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 30,000 से 2,20,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,500 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/महिलाओं और विभागीय उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम