नोएडा प्राधिकरण की समीक्षा बैठक: सफाई, अतिक्रमण और जनसुविधाओं पर सख्त निर्देश
नोएडा, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश ने मंगलवार को वर्क सर्किल 1 से 5 के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की। इस बैठक में सिविल, जनस्वास्थ्य और उद्यानीकरण से जुड़े विभिन्न विकास एवं अनुरक्षण कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया।
बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, विशेष कार्याधिकारी क्रांतिशेखर सिंह, इन्दुप्रकाश सिंह, महाप्रबंधक एके अरोड़ा, एसपी सिंह, निदेशक (उद्यान) आनन्द मोहन सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सीईओ ने शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टरों और गांवों में नियमित रूप से कूड़ा उठान सुनिश्चित किया जाए और कहीं भी कचरा जमा न होने दिया जाए। इसके साथ ही सड़कों और नालियों की नियमित सफाई पर विशेष जोर दिया गया।
विलोपित कूड़ाघरों के सौंदर्यीकरण को लेकर भी निर्देश जारी किए गए। जहां जगह उपलब्ध हो, वहां बच्चों के लिए झूले, बेंच या ओपन जिम स्थापित करने की संभावनाओं पर काम करने को कहा गया। सार्वजनिक शौचालयों और यूरिनल्स के अनुरक्षण कार्य को 15 दिनों के भीतर पूरा करने और उन्हें सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ संचालित करने के निर्देश दिए गए।
आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए नालों और पुलियों की मरम्मत कार्य समय से पूरा करने पर जोर दिया गया, ताकि जलभराव की समस्या से बचा जा सके। अतिक्रमण के मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए लगातार निगरानी और आवश्यकता पड़ने पर सीलिंग कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
सीईओ ने सभी विकास कार्यों की निविदा प्रक्रिया को तेजी से पूरा कर मई के अंत तक कार्य प्रारंभ कराने और दिसंबर से पहले सभी परियोजनाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उद्यान विभाग को पेड़ों की छंटाई नियमित रूप से करने और आवश्यक मशीनों की खरीद सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही ग्रीन बेल्ट और पार्कों के अनुरक्षण के लिए विज्ञापन एजेंसियों की भागीदारी पर विचार करने की बात कही गई। अवैध वेंडरों और साप्ताहिक बाजारों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश देते हुए उनका पूरा विवरण तैयार करने को कहा गया। शहर में दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने पर भी बल दिया गया।
जनसंपर्क को बेहतर बनाने के लिए वर्क सर्किल प्रबंधकों के मोबाइल नंबर आरडब्ल्यूए और ग्रामवासियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि सफाई और अन्य समस्याओं का समाधान समय पर हो सके। इसके अलावा सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित गौवंशों को पकड़कर आश्रय स्थल भेजने और निजी पशुओं की टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। भीषण गर्मी को देखते हुए शहर में वाटर स्प्रिंकलिंग, प्याऊ और वाटर कूलर लगाने के साथ-साथ पशुओं के लिए भी पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी
