Aapka Rajasthan

नोएडा मेट्रो होगी हाईटेक, एक्वा लाइन के 200 एएफसी गेट बदले जाएंगे, अब 'वन नेशन वन कार्ड' से भी कर सकेंगे सफर

नोएडा, 20 जुलाई (आईएएनएस)। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत और सुविधा की खबर है। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) जल्द ही एक्वा लाइन को और अधिक आधुनिक बनाने जा रहा है। इसके तहत एक्वा लाइन के सभी 21 मेट्रो स्टेशनों पर लगे करीब 200 ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन (एएफसी) गेट बदले जाएंगे।
 

नोएडा, 20 जुलाई (आईएएनएस)। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत और सुविधा की खबर है। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) जल्द ही एक्वा लाइन को और अधिक आधुनिक बनाने जा रहा है। इसके तहत एक्वा लाइन के सभी 21 मेट्रो स्टेशनों पर लगे करीब 200 ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन (एएफसी) गेट बदले जाएंगे।

इन नए अत्याधुनिक गेटों के लगने के बाद यात्री नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी), यानी 'वन नेशन वन कार्ड,' का इस्तेमाल कर आसानी से यात्रा कर सकेंगे। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 23 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके लिए एनएमआरसी ने टेंडर जारी कर दिया है और इच्छुक कंपनियां 30 जुलाई तक आवेदन कर सकती हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित एजेंसी को सभी एएफसी गेटों को आधुनिक तकनीक से लैस करने के साथ-साथ उन्हें एनसीएमसी के अनुरूप तैयार करना होगा।

एनएमआरसी के कार्यकारी निदेशक क्रांति शेखर सिंह ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर और निर्बाध यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि मौजूदा एएफसी गेट वर्ष 2019 में एक्वा लाइन मेट्रो सेवा शुरू होने के समय लगाए गए थे। बाद में इन्हें मोबाइल ऐप आधारित सुविधाओं के लिए अपग्रेड भी किया गया, लेकिन समय के साथ कई स्टेशनों पर इन गेटों में बार-बार तकनीकी खराबी आने की शिकायतें सामने आती रही हैं। इसी को देखते हुए अब सभी पुराने गेटों को हटाकर नई और अत्याधुनिक मशीनें स्थापित की जाएंगी।

एनएमआरसी का कहना है कि यह बदलाव केवल तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए ही नहीं, बल्कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भी किया जा रहा है। खासतौर पर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के संचालन शुरू होने के बाद यात्रियों की संख्या में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है। ऐसे में आधुनिक और तेज टिकटिंग प्रणाली की आवश्यकता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। नई प्रणाली लागू होने के बाद यात्री वन नेशन वन कार्ड के माध्यम से बिना अलग-अलग कार्ड खरीदने की परेशानी के मेट्रो में सफर कर सकेंगे।

इससे टिकट लेने में लगने वाला समय कम होगा, कतारें घटेंगी और यात्रा पहले से अधिक सुविधाजनक बनेगी। चयनित एजेंसी को नए एएफसी गेट लगाने के साथ-साथ चार वर्षों तक उनके रखरखाव और तकनीकी देखरेख की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।

एनएमआरसी का मानना है कि इस अपग्रेडेशन से एक्वा लाइन की सेवाएं अधिक भरोसेमंद, तेज और आधुनिक बनेंगी। साथ ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा के यात्रियों को देशभर में लागू हो रही नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) प्रणाली का लाभ भी मिलेगा।

--आईएएनएस

पीकेटी/एसके