नोएडा में वाहन चोरी गिरोह के दो शातिर आरोपी गिरफ्तार, 12 मोटरसाइकिल बरामद
नोएडा, 10 जून (आईएएनएस)। नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 12 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह कार्रवाई सेक्टर-63 थाना पुलिस टीम द्वारा की गई, जिसमें गिरोह के नेटवर्क और चोरी की गाड़ियों के ठिकानों का भी खुलासा हुआ है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल थे और इनके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि यह गिरोह खास तौर पर हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को निशाना बनाता था, क्योंकि यह मॉडल आसान लॉक सिस्टम के कारण चोरी करने में सरल होता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश मसीह, निवासी बदायूं और नवीन झा, निवासी वैशाली (बिहार) के रूप में हुई है। नवीन झा पेशे से इलेक्ट्रिशियन है, लेकिन वह चोरी की घटनाओं में सक्रिय रूप से शामिल था। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते थे और अलग-अलग इलाकों से बाइक चोरी कर उन्हें छिपाकर रखते थे या आगे बेचने की योजना बनाते थे।
डीसीपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे केवल हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को ही टारगेट करते थे। इसका कारण यह था कि इस मॉडल की बाइक के लॉक को तोड़ना उनके लिए अपेक्षाकृत आसान था और वे कम समय में चोरी की घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो जाते थे। बरामद सभी 12 बाइक इसी मॉडल की हैं।
पुलिस ने बताया कि इस गिरोह का नेटवर्क अंतरराज्यीय स्तर पर फैला हुआ था और आरोपी अलग-अलग जिलों में सक्रिय रहते हुए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह चोरी की गाड़ियों को ठिकाने लगाने और बेचने के लिए अलग-अलग संपर्कों का इस्तेमाल करता था।
--आईएएनएस
पीआईएम/डीएससी
