Aapka Rajasthan

नोएडा में सफाई, अतिक्रमण और सड़कों की बदहाली पर प्राधिकरण सीईओ सख्त, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

नोएडा, 22 सितंबर (आईएएनएस)। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने मंगलवार को प्राधिकरण क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण उन्मूलन, आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण तथा निर्माण और अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा के लिए बैठक की। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सीईओ ने लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
 

नोएडा, 22 सितंबर (आईएएनएस)। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने मंगलवार को प्राधिकरण क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण उन्मूलन, आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण तथा निर्माण और अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा के लिए बैठक की। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सीईओ ने लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी एवं पुष्पराज सिंह, विशेष कार्याधिकारी क्रान्तिशेखर सिंह, विशेष कार्याधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी, महाप्रबंधक (सिविल) ए.के. अरोड़ा, महाप्रबंधक (सिविल) एस.पी. सिंह, महाप्रबंधक आर.पी. सिंह और विशेष कार्याधिकारी इन्दुप्रकाश सिंह समेत विभिन्न वर्क सर्किल, जल खंड तथा विद्युत/यांत्रिक खंडों के वरिष्ठ प्रबंधक मौजूद रहे। बैठक से पहले वरिष्ठ अधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए थे। निरीक्षण में मिली खामियों की समीक्षा करते हुए सीईओ ने सेक्टर-19 के बी-ब्लॉक शनि बाजार स्थित खाली भूखंड में पार्क के अंदर हॉर्टिकल्चर वेस्ट पाए जाने पर संबंधित उद्यान कार्य की संविदाकार संस्था पर 5 लाख रुपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए।

सेक्टर-19 के अन्य पार्कों में गंदगी मिलने पर संबंधित उद्यान निरीक्षक और सहायक निदेशक (उद्यान) का एक दिन का वेतन काटने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा गया। वहीं, संबंधित उद्यान सुपरवाइजर की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए गए। शहर के विभिन्न शौचालयों में अनुरक्षण और सफाई व्यवस्था ठीक नहीं मिलने पर सीईओ ने 15 अक्टूबर 2026 तक सभी शौचालयों को सुचारू रूप से संचालित कराने के निर्देश दिए। संबंधित वर्क सर्किल के प्रबंधक और वरिष्ठ प्रबंधक को इसके संबंध में प्रमाण पत्र भी देना होगा। निर्धारित समय तक शौचालयों का संचालन नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निठारी रोड पर ग्राम निठारी के सामने सेंट्रल वर्ज में कूड़ा मिलने पर संबंधित संस्था पर 5 लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए।

ग्राम निठारी में गंदगी मिलने पर संबंधित उद्यान निरीक्षक का एक दिन का वेतन काटने और कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा गया। सेक्टर-145 में डंप साइट की ओर जाने वाला पुस्ता मार्ग अत्यधिक क्षतिग्रस्त मिलने पर इसे प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने के निर्देश दिए गए। सेक्टर-43 में गोदरेज सोसाइटी के पास डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन एजेंसी के कॉम्पेक्टर प्वाइंट के समीप बड़ी मात्रा में कूड़ा मिलने पर संबंधित एजेंसी पर पेनल्टी लगाने के साथ नियमित स्वास्थ्य निरीक्षक की एक सप्ताह की वेतन कटौती और नियमित सफाई सुपरवाइजर का एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। ग्राम बरौला में अवैध निर्माण मिलने पर भी सीईओ ने सख्ती दिखाई।

अधिकारियों ने बताया कि संबंधित अतिक्रमण के खिलाफ एफआईआर दर्ज है और धारा-10 का नोटिस भी जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद सीईओ ने उच्च प्राथमिकता पर अवैध निर्माण रुकवाने और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। संबंधित अवर अभियंता (संविदा) और सुपरवाइजर (संविदा) को हटाने के निर्देश भी दिए गए। वर्षा ऋतु के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत और रिसर्फेसिंग के लिए भी समयसीमा तय की गई है। प्रत्येक वर्क सर्किल के अंतर्गत सभी सड़कों की मरम्मत और रिसर्फेसिंग का काम 20 अक्टूबर 2026 तक पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद भी कोई कार्य लंबित मिलने पर संबंधित वरिष्ठ प्रबंधक और प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

आईजीआरएस शिकायतों का गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में निस्तारण करने के भी निर्देश दिए गए। सेक्टर-27 में गंदगी मिलने पर संबंधित स्वास्थ्य निरीक्षक का एक दिन का वेतन काटने और स्वास्थ्य सुपरवाइजर के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शहर में जगह-जगह मुख्य मार्गों पर गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट बनने और समय पर कूड़ा नहीं उठाए जाने के मामले में डोर-टू-डोर कलेक्शन एजेंसी ए.जी. इन्वायरो पर 25 लाख रुपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए। ग्राम सलारपुर के पीछे एक्वा लाइन मेट्रो कॉरिडोर के नीचे स्थित पुस्ता मार्ग की खराब स्थिति को देखते हुए उसके मरम्मत और सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए गए।

इसी तरह सेक्टर-71 अंडरपास से हिंडन पुल तक एमपी-3 मार्ग पर क्षतिग्रस्त सड़क की उच्च प्राथमिकता पर मरम्मत कराने को कहा गया। सेक्टर-121 के सामने हिंडन पुस्ता पर कबाड़ियों द्वारा बड़ी मात्रा में कूड़ा और कबाड़ जमा किए जाने के मामले में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को कूड़ा-कबाड़ साफ कराने के साथ इसे फैलाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया। एमपी-3 मार्ग पर अनधिकृत वेंडरों की समस्या को भी बैठक में गंभीरता से लिया गया।

सीईओ ने सभी वर्क सर्किलों को निर्देश दिए कि अगले एक माह में अभियान चलाकर अवैध वेंडिंग जोन को चिह्नित किया जाए और अवैध वेंडरों को हटाया जाए। साथ ही वेंडरों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए गए। एक माह बाद किसी क्षेत्र में अवैध वेंडर मिलने पर संबंधित वरिष्ठ प्रबंधक की जिम्मेदारी तय कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा, सेक्टर-138/140 में अवैध निर्माण पाए जाने पर उसे तत्काल रुकवाने के निर्देश दिए गए। मामले में संबंधित अवर अभियंता और सुपरवाइजर को हटाने के निर्देश भी जारी किए गए। बैठक में सीईओ ने स्पष्ट किया कि सफाई, सड़क, अतिक्रमण और जनशिकायतों से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित समयसीमा में काम पूरा नहीं होने पर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी