Aapka Rajasthan

नोएडा में सातवीं मंजिल से कूदी महिला, हुई मौत, लंबे समय से थी डिप्रेशन में

नोएडा, 17 अगस्त (आईएएनएस)। नोएडा की हाइड पार्क सोसाइटी में एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 55 वर्षीय महिला ने सोसाइटी की सातवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना थाना सेक्टर-113 क्षेत्र की है। महिला की पहचान दिल्ली के विकासपुरी निवासी प्रभजोत कौर के रूप में हुई है।
 

नोएडा, 17 अगस्त (आईएएनएस)। नोएडा की हाइड पार्क सोसाइटी में एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 55 वर्षीय महिला ने सोसाइटी की सातवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना थाना सेक्टर-113 क्षेत्र की है। महिला की पहचान दिल्ली के विकासपुरी निवासी प्रभजोत कौर के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि वह कुछ दिन पहले ही अपनी बहन के घर रहने के लिए नोएडा आई थी। घटना के बाद सोसाइटी में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, प्रभजोत कौर शुक्रवार को दिल्ली से नोएडा स्थित हाइड पार्क सोसाइटी आई थीं। वह यहां अपनी बहन सतविंद्र कौर के घर ठहरी हुई थीं। सतविंद्र कौर अपने परिवार के साथ सोसाइटी के पांचवें फ्लोर पर रहती हैं।

प्रभजोत अक्सर अपनी बहन से मिलने नोएडा आती थीं। सोमवार सुबह करीब आठ बजे वह अचानक सातवीं मंजिल पर पहुंचीं। वहां उन्होंने एक कुर्सी पर चढ़कर नीचे छलांग लगा दी। सातवीं मंजिल से गिरने के कारण प्रभजोत कौर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और सोसाइटी के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रभजोत कौर के पति की पहले ही मौत हो चुकी है। उनके दो बच्चे हैं, लेकिन दोनों अलग रहते हैं। पति की मौत के बाद वह दिल्ली के विकासपुरी इलाके में अकेली रह रही थीं। इसी वजह से वह अक्सर अपनी बहन के घर नोएडा आती-जाती थीं।

शुक्रवार को भी वह अपनी बहन से मिलने के लिए नोएडा पहुंची थीं। परिजनों के अनुसार प्रभजोत कौर लंबे समय से डिप्रेशन से जूझ रही थीं और उनका इलाज भी चल रहा था। बताया गया कि पिछले कुछ दिनों से वह काफी तनाव में थीं। हालांकि, उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है।

पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एसके