नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़; एक कै पैर में लगी गोली, दूसरा गिरफ्तार
नोएडा, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर के सेक्टर-20 थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई जबकि उसके दूसरे साथी को पुलिस ने कांबिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, नकदी, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
नोएडा के एडीसीपी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि सेक्टर-20 थाना क्षेत्र में डीएलएफ तिराहे के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक वहां से गुजरते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया लेकिन दोनों रुकने के बजाय भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया। इस दौरान सेक्टर-18 स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के पास बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। उसकी पहचान सलमान उर्फ राजा उर्फ मामा के रूप में हुई है। वह मेरठ जिले के इंचौली क्षेत्र का रहने वाला है। गोली लगने से घायल सलमान को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में कांबिंग अभियान चलाया। इस दौरान दूसरे आरोपी दानिश को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से तमंचा और दो कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा, आरोपियों के पास से स्नैचिंग की वारदातों से संबंधित 14,400 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। जांच में यह मोटरसाइकिल चोरी की पाई गई है और इसके संबंध में दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाने में मामला दर्ज है।
उन्होंने बताया कि गौतमबुद्धनगर पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी स्नैचिंग की किन-किन वारदातों में शामिल रहे हैं और उनके अन्य आपराधिक मामलों से क्या संबंध हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में बरामद सामान और मोटरसाइकिल के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम
