Aapka Rajasthan

नोएडा में घरों और दुकानों में चोरी करने वाले चार गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद

नोएडा, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। नोएडा के सेक्टर-24 थाने की पुलिस ने घर और दुकानों के ताले व शटर तोड़कर चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी किया गया दुकान का सामान, गैस सिलेंडर, चेक बुक, मुहर, घड़ी, क्रेडिट कार्ड और सीसीटीवी कैमरा समेत चोरी में इस्तेमाल लोहे की सब्बल बरामद की है। इसके अलावा दो अवैध चाकू भी आरोपियों के पास से मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, गैंग का सरगना सत्यम कुमार है।
 

नोएडा, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। नोएडा के सेक्टर-24 थाने की पुलिस ने घर और दुकानों के ताले व शटर तोड़कर चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी किया गया दुकान का सामान, गैस सिलेंडर, चेक बुक, मुहर, घड़ी, क्रेडिट कार्ड और सीसीटीवी कैमरा समेत चोरी में इस्तेमाल लोहे की सब्बल बरामद की है। इसके अलावा दो अवैध चाकू भी आरोपियों के पास से मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, गैंग का सरगना सत्यम कुमार है।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-24 थाना पुलिस ने 6 अक्टूबर को मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने चारों आरोपियों को सिटी सेंटर से सेक्टर-12/22 की ओर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बंद मकान और दुकानों को निशाना बनाते थे। इसके लिए लोहे की सब्बल का इस्तेमाल कर ताले और शटर तोड़कर अंदर प्रवेश करते और सामान चोरी कर फरार हो जाते थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 2 अक्टूबर को मोरना गांव स्थित एक दुकान का शटर तोड़कर वहां रखा बिक्री का सामान चोरी किया था। चोरी के बाद सामान को सेक्टर-33ए, नोएडा में गंदे नाले के पास छिपाकर रखा गया था। आरोपी चोरी के सामान को एक साथ बेचने के बजाय थोड़ा-थोड़ा करके आसपास के गांवों में घूम-फिरकर मजदूरों को बेचते थे। सामान की बिक्री से मिलने वाली रकम को चारों आपस में बांट लेते थे और उसे अपने व्यक्तिगत खर्च तथा मौज-मस्ती में खर्च करते थे।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दुकान की बिक्री का सामान बरामद किया है। इसमें 102 डिब्बी सिगरेट, एक टिन सरसों का तेल, तीन पेटी रिफाइंड तेल, 10 पैकेट चोको पाई, 51 पैकेट चिप्स, 107 पैकेट नमकीन और तीन पैकेट गुटखा/तंबाकू शामिल हैं। इसके अलावा एक गैस सिलेंडर, दो मुहर, दो चेक बुक, एक घड़ी, एक क्रेडिट कार्ड और एक सीसीटीवी कैमरा भी बरामद किया गया है। चोरी की वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली लोहे की सब्बल भी पुलिस ने बरामद की है।

वहीं, आरोपी सत्यम कुमार और विकास के कब्जे से दो अवैध चाकू बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यम कुमार पुत्र वीरेन्द्र परिहार, निवासी ग्राम एवं थाना रानीगंज, अररिया, बिहार, वर्तमान पता मामूरा, फेस-3, गौतमबुद्धनगर; विकास पुत्र हेमराज, निवासी ग्राम कीलापुर, थाना कोतवाली मिर्जापुर, मिर्जापुर, वर्तमान पता मामूरा; अमन जाटव पुत्र रामअवतार, निवासी ग्राम हैतमपुर, थाना कलान, शाहजहांपुर, वर्तमान पता बसई, फेस-3; और कृष्णा पुत्र तुलसी, निवासी ग्राम परसा, थाना मौहमदा, गाजीपुर, वर्तमान पता मामूरा, फेस-3 के रूप में हुई है।

चारों की उम्र करीब 18 से 20 वर्ष के बीच बताई गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-24 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गैंग द्वारा की गई अन्य चोरी की वारदातों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि चोरी का सामान किन-किन लोगों को बेचा गया और गैंग के संपर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी