Aapka Rajasthan

नोएडा की सोसायटी में दर्दनाक हादसा, 19वीं मंजिल से गिरकर 16 वर्षीय छात्रा की मौत

नोएडा, 24 नवंबर (आईएएनएस)। नोएडा की एक हाईराइज सोसायटी में मंगलवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। सेक्टर-100 स्थित लोटस एस्पेशिया सोसायटी में 19वीं मंजिल से गिरकर 16 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई।
 

नोएडा, 24 नवंबर (आईएएनएस)। नोएडा की एक हाईराइज सोसायटी में मंगलवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। सेक्टर-100 स्थित लोटस एस्पेशिया सोसायटी में 19वीं मंजिल से गिरकर 16 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर थाना सेक्टर-39 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान दिशिता दुबे के रूप में हुई है। वह नोएडा के एक प्रतिष्ठित स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा थी। मिली जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार तड़के करीब तीन बजे की बताई जा रही है।

छात्रा अपने परिवार के साथ लोटस एस्पेशिया सोसायटी के एक फ्लैट में रहती थी। बताया जा रहा है कि वह फ्लैट की 19वीं मंजिल पर स्थित बालकनी से नीचे गिर गई। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद परिजन और सोसायटी के अन्य लोग मौके पर पहुंचे। हालांकि, छात्रा की जान नहीं बचाई जा सकी।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, छात्रा के परीक्षा में कम अंक आने के कारण मानसिक तनाव में रहने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और उस समय फ्लैट में कौन-कौन मौजूद था। बताया गया है कि दिशिता का परिवार मूल रूप से लखनऊ का रहने वाला है और वर्तमान में नोएडा की लोटस एस्पेशिया सोसाइटी में रह रहा था।

16 वर्षीय छात्रा की अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, सोसायटी के लोगों में भी घटना को लेकर शोक और हैरानी का माहौल है।

थाना सेक्टर-39 पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों से बातचीत करने के साथ ही घटनास्थल से संबंधित परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएस