Aapka Rajasthan

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट विकास का प्रतीक, किसानों के सहयोग से साकार हुआ सपना : बृजेश सिंह

ग्रेटर नोएडा, 15 जून (आईएएनएस)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार को औपचारिक रूप से उड़ान सेवाओं की शुरुआत हो गई। इस अवसर को प्रदेश के विकास के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया जा रहा है। उद्घाटन के मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री बृजेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
 
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट विकास का प्रतीक, किसानों के सहयोग से साकार हुआ सपना : बृजेश सिंह

ग्रेटर नोएडा, 15 जून (आईएएनएस)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार को औपचारिक रूप से उड़ान सेवाओं की शुरुआत हो गई। इस अवसर को प्रदेश के विकास के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया जा रहा है। उद्घाटन के मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री बृजेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

मंत्री बृजेश सिंह ने कहा कि लगभग दो महीने पहले प्रधानमंत्री द्वारा इस एयरपोर्ट का लोकार्पण किया गया था और आज यहां से पहली व्यावसायिक उड़ान प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लिए रवाना हो रही है। उन्होंने बताया कि इस विशेष अवसर पर क्षेत्र के स्थानीय विधायक और 150 से अधिक किसान इस पहली उड़ान में शामिल हुए हैं।

उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट केवल एक बुनियादी ढांचा परियोजना नहीं है, बल्कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रभावी कार्यान्वयन नीति का प्रमाण है। साथ ही, यह उन किसानों के सहयोग और त्याग का प्रतीक भी है, जिन्होंने इस परियोजना के लिए अपनी भूमि सरकार को हस्तांतरित की।

मंत्री बृजेश सिंह ने किसानों के योगदान को सराहते हुए कहा कि आज के दिन सबसे अधिक बधाई के हकदार यहां के किसान हैं। उन्होंने कहा कि इन किसानों के सहयोग से ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का सपना साकार हो सका है और इसके लिए सरकार उनकी आभारी है।

उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन से एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर आर्थिक विकास होगा। इस परियोजना से लगभग एक लाख नए रोजगार सृजित होंगे और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

वहीं, भाजपा विधायक धीरेंद्र सिंह ने इस अवसर को भावनात्मक और ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह किसानों के जीवन का एक यादगार क्षण है। उन्होंने कहा कि आज यह किसान पहली बार हवाई यात्रा कर रहे हैं और अपने खेतों को आसमान से देखेंगे, तो यह उनके जीवन की एक नई अनुभूति होगी। उन्होंने कहा कि कई किसान अपने खेतों को पहचानने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि यह विकास का वह स्वरूप है, जिसमें किसानों को भी नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले खेती ही क्षेत्र के लोगों का एकमात्र साधन था लेकिन अब शिक्षा, रोजगार और व्यवसाय के नए रास्ते खुल गए हैं। उन्होंने इसे क्षेत्रीय विकास के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यमुना अथॉरिटी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने एक ऐसे भविष्य की कल्पना की थी जिसमें चप्पल पहनने वाला आम नागरिक भी हवाई यात्रा कर सके। आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के जरिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में पीएम मोदी का सपना सच हो रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली उड़ान में इस इलाके के किसान मुख्यमंत्री योगी से मिलने और उन्हें धन्यवाद देने के लिए लखनऊ रवाना हुए। यह हम सभी के लिए बहुत गर्व और प्रसन्नता की बात है।"

सीईओ ने बताया कि एयरपोर्ट की प्रारंभिक क्षमता लगभग 10 मिलियन (1 करोड़) यात्रियों की है जिसे भविष्य में चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर लगभग 22 करोड़ यात्रियों तक पहुंचाने की योजना है। पूर्ण रूप से विकसित होने पर यह एयरपोर्ट एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट्स में शामिल होगा। उन्होंने बताया कि इस एयरपोर्ट की नींव वर्ष 2021 में रखी गई थी और इसे रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया है। आज इसका संचालन शुरू होना क्षेत्रीय विकास के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम