Aapka Rajasthan

नोएडा: घंघोला स्थित गैस एजेंसी पर डीएम का औचक निरीक्षण, कमियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

गौतमबुद्धनगर, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। जनपद में गैस वितरण प्रणाली को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने मंगलवार को तहसील सदर के ग्राम घंघोला स्थित शिव साईं एचपी गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एजेंसी की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
 
नोएडा: घंघोला स्थित गैस एजेंसी पर डीएम का औचक निरीक्षण, कमियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

गौतमबुद्धनगर, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। जनपद में गैस वितरण प्रणाली को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने मंगलवार को तहसील सदर के ग्राम घंघोला स्थित शिव साईं एचपी गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एजेंसी की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एजेंसी में उपलब्ध गैस सिलेंडरों के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कराया। सिलेंडरों की संख्या, उनकी क्षमता और स्टॉक रजिस्टरों का मिलान किया गया। साथ ही, एजेंसी द्वारा संधारित विभिन्न पंजिकाओं की जांच कर उनके सही तरीके से रख-रखाव की स्थिति का परीक्षण किया गया। निरीक्षण में यह भी देखा गया कि वितरण प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हो रही है या नहीं।

जिलाधिकारी ने गैस सिलेंडरों के परिवहन में लगे वाहनों की भी जांच की। इस दौरान उन्होंने परिवहन संबंधी सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया। गोदाम प्रभारी के देरी से पहुंचने और कुछ व्यवस्थाओं में कमी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और संबंधित अधिकारियों को तुरंत सुधार के निर्देश दिए। एजेंसी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया।

जिलाधिकारी ने सभी कैमरों को सुचारू रूप से कार्यशील रखने के निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा, एजेंसी पर पर्याप्त पुलिस बल की कमी पाए जाने पर चौकी इंचार्ज को निर्देश दिए गए कि वहां सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों और एजेंसी प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता, सुरक्षा और उपभोक्ताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए ताकि आम लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, एजेंसी के प्रबंधक और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 2 अप्रैल 2026 को जिला प्रशासन द्वारा वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। इसके तहत जनपद में व्यावसायिक उपभोक्ताओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार 70 प्रतिशत तक गैस आपूर्ति की जा रही है।

हालांकि यह सुविधा उन्हीं उपभोक्ताओं को मिलेगी, जिन्होंने पीएनजी गैस कनेक्शन के लिए आवेदन किया है। प्रशासन ने सभी व्यावसायिक संस्थानों से अपील की है कि वे अपने पिछले वित्तीय वर्ष के गैस उपयोग का विवरण और पीएनजी कनेक्शन आवेदन से संबंधित दस्तावेज संबंधित गैस कंपनियों को उपलब्ध कराएं, ताकि आपूर्ति प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी रह सके।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएसएच