नोएडा: गत्ते की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दमकल की 10 गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
नोएडा, 2 मई (आईएएनएस)। नोएडा के सेक्टर-8 स्थित एक गत्ते की फैक्ट्री में शनिवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना थाना फेस-1 क्षेत्र के अंतर्गत एफ-128 पते पर स्थित फैक्ट्री की है, जहां तड़के करीब 4:30 बजे आग लगने की सूचना मिली। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए कुल 10 दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए कई घंटों की कोशिश के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के बाद क्षेत्र में धुएं का घना गुबार फैल गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। कुछ समय के लिए इलाके में अफरातफरी की स्थिति भी उत्पन्न हो गई थी। हालांकि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को आसपास की अन्य फैक्ट्रियों और इमारतों तक फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि इन दिनों नोएडा समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में भीषण गर्मी पड़ रही है, जिसके चलते आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में प्रशासन और दमकल विभाग ने फैक्ट्री मालिकों और आम लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।
--आईएएनएस
पीकेटी/वीसी
