नोएडा: गांजा तस्करी का भंडाफोड़, दो तस्कर गिरफ्तार
नोएडा, 25 फरवरी (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सेक्टर-20 पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार को लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से पुलिस ने गांजा तस्करी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
पुलिस की यह कार्रवाई डीएनडी रोड स्थित जेजे कॉलोनी, सेक्टर-17 नोएडा क्षेत्र में की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान उदय राय और अर्जुन कुमार के रूप में हुई है।
उदय राय वर्तमान में सेक्टर-166, नोएडा थाना सेक्टर-142 क्षेत्र का निवासी है, जबकि उसका मूल निवास ग्राम छोटा भदियन, थाना नानपुर, जिला सीतामढ़ी (बिहार) है। उसकी उम्र लगभग 28 वर्ष बताई जा रही है।
वहीं दूसरा अभियुक्त अर्जुन कुमार ग्राम गेझा, सेक्टर-93, नोएडा में रह रहा था और उसका मूल पता ग्राम खंजापुर बंगाली टोला, थाना चेरिया बरियापुर, जिला बेगूसराय (बिहार) है। उसकी उम्र करीब 30 वर्ष है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों अभियुक्त काफी समय से नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में गांजा तस्करी में सक्रिय थे। लोकल इंटेलिजेंस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़ी मात्रा में गांजा लेकर सप्लाई करने की फिराक में हैं।
सूचना के आधार पर थाना सेक्टर-20 पुलिस ने टीम गठित कर जाल बिछाया और डीएनडी रोड के पास से दोनों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 10 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
इस मामले में थाना सेक्टर-20 में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मुख्य आरोपी उदय राय के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना एक्सप्रेस-वे, गौतमबुद्धनगर में मामला दर्ज है, जिससे स्पष्ट होता है कि वह पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ कर यह भी पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जानी थी।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएसएच
