नोएडा: चोरी के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई, इलाज के दौरान मौत, पांच आरोपी गिरफ्तार
नोएडा, 1 सितंबर (आईएएनएस)। नोएडा के थाना फेस-1 क्षेत्र के हरौला गांव से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां चोरी के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए नोएडा सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा एक नाबालिग आरोपी को भी पुलिस हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान प्रमोद कुमार राठौर, उम्र करीब 27 वर्ष, निवासी संडीला, जनपद हरदोई के रूप में हुई है। बताया गया है कि प्रमोद 31 अगस्त को नौकरी की तलाश में नोएडा आया था। रात के समय वह हरौला सेक्टर-5 स्थित एक किराये के मकान में दिखाई दिया। मकान में रहने वाले लोगों ने उसे पहचानने के लिए पूछताछ की।
आरोप है कि प्रमोद के घबरा जाने के बाद वहां मौजूद लोगों ने उसे चोर समझ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे सभी हरौला में किराये के मकान में रहते हैं।
31 अगस्त की रात उन्हें मकान में एक अनजान व्यक्ति दिखाई दिया। आरोपियों के मुताबिक, वह व्यक्ति उन्हें नहीं पहचानता था और पूछताछ के दौरान डर गया। इसी आधार पर उन्होंने प्रमोद को चोर समझकर उसके साथ मारपीट कर दी। मारपीट में प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिचितों ने घायल प्रमोद को नोएडा के सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। हालांकि, हालत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान प्रमोद की मौत हो गई।
रात करीब दो बजे पुलिस को डायल-112 के माध्यम से युवक की मौत की सूचना मिली। इसके बाद थाना फेस-1 पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी। पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को हरौला, सेक्टर-5, नोएडा से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष कुमार मंडल (30), करण कुमार मंडल (23), सुरेश मंडल (48), रोनक कुमार मंडल (19) और निखिल उर्फ ब्रेवो (22) के रूप में हुई है। इसके साथ ही एक नाबालिग को पुलिस हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, संतोष और करण मूल रूप से सुपौल, बिहार के रहने वाले हैं, जबकि सुरेश और रोनक मूल रूप से मधुबनी, बिहार के निवासी हैं। निखिल उर्फ ब्रेवो आरा, बिहार का रहने वाला बताया गया है।
सभी आरोपी वर्तमान में हरौला, सेक्टर-5, थाना फेस-1 क्षेत्र में रह रहे थे। मामले में थाना फेस-1 पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि युवक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और मारपीट की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएसएच
