Aapka Rajasthan

नोएडा: एटीएम मशीन में फेवीक्विक डालकर ठगी करने वाले गिरोह से मुठभेड़, एक बदमाश घायल; दो गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा, 6 जून (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख पुलिस और एटीएम मशीनों में धोखाधड़ी कर लोगों के खाते से पैसे निकालने वाले बदमाशों के बीच शनिवार को मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को कॉम्बिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया गया।
 
नोएडा: एटीएम मशीन में फेवीक्विक डालकर ठगी करने वाले गिरोह से मुठभेड़, एक बदमाश घायल; दो गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा, 6 जून (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख पुलिस और एटीएम मशीनों में धोखाधड़ी कर लोगों के खाते से पैसे निकालने वाले बदमाशों के बीच शनिवार को मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को कॉम्बिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, चोरी की मोटरसाइकिल, नकदी और वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 6 जून 2026 को थाना बिसरख पुलिस एसकेएस तिराहे पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान ग्रीन आर्च की ओर से एक संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी, जिस पर तीन युवक सवार थे।

पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन वे नहीं रुके और तेज गति से 6 प्रतिशत पार्क की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों की मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश सोहेल मलिक (24 वर्ष), निवासी सलारपुर, गौतमबुद्धनगर, के पैर में गोली लग गई।

वहीं, उसके दो साथी शोएब मलिक (25 वर्ष) और राकेश कुमार (24 वर्ष) को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पूछताछ में आरोपियों ने एक चौंकाने वाले ठगी के तरीके का खुलासा किया। आरोपी नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में एटीएम मशीनों पर जाकर कार्ड स्लॉट में फेवीक्विक डाल देते थे। इसके बाद मशीन पर एक पर्ची चिपकाकर अपना मोबाइल नंबर हेल्पलाइन नंबर के रूप में लिख देते थे। जब किसी ग्राहक का एटीएम कार्ड मशीन में फंस जाता था तो आरोपी उसे गुमराह कर एक-दो बार पिन नंबर डलवा लेते थे और उसका पिन देख लेते थे।

इसके बाद वे पीड़ित को बताते थे कि एक घंटे बाद उसका कार्ड निकलवा दिया जाएगा। ग्राहक के वहां से चले जाने के बाद आरोपी प्लास और पेचकस की मदद से कार्ड निकाल लेते थे और उसके जरिए खाते से पैसे निकाल लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक पेचकस, एक प्लास, एल्फी के दो पैकेट तथा 7,320 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क के संबंध में भी जांच कर रही है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीएससी