एनएलसीआईएल में भर्ती का सुनहरा मौका, 9 अप्रैल तक भरें फॉर्म
नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। देश के प्रतिष्ठित संस्थान में सरकारी नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक खास मौका सामने आया है। नैवेली लिग्नाइट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएलसीआईएल) ने विभिन्न 56 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
एनएलसीआईएल ने जिन 56 पदों पर भर्ती के लिए एप्लीकेशन मांगे हैं, उनमें नेवेली यूनिट के 26; बरसिंगसर प्रोजेक्ट, एनटीपीएल/तूतीकोरिन, क्षेत्रीय कार्यालय/चेन्नई और दक्षिणी पचवारा-दुमका के 4-4; एनयूपीपीएल, कानपुर के 6; और तालाबीरा परियोजना के 8 पद शामिल हैं।
एनएलसी इंडिया लिमिटेड की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया 20 मार्च से शुरू हो गई है, और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 9 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, उन्हें आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद तय लास्ट डेट के शाम 5 बजे से पहले अपने रजिस्ट्रेशन फॉर्म को जमा करने की सलाह दी जाती है।
अप्लाई करने वाला अभ्यर्थी मान्यता प्राप्त संस्थान या बोर्ड से संबंधित पद अनुसार चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्तीर्ण होना चाहिए, जो कि इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित की गई हो, या वे उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट (सीएमए) की इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण की है, जो कि इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित की गई है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 28 साल निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 1 मार्च के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा, मेरिट बेसिस/शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल/फिजिकल फिटनेस के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित उम्मीदवारों की सैलरी 22,000 रुपए प्रति महीने होगी।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एनएलसी इंडिया लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद जारी पद से संबंधित एप्लीकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए निकाल लें।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी
