'नीतीश सेतु' के नामकरण से बिहारवासियों का सम्मान बढ़ा, पीएम मोदी की सभा होगी ऐतिहासिक : विजय चौधरी
पटना, 17 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के उपमुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने मंगलवार को कहा कि 21 नवंबर को हाजीपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा ऐतिहासिक और अभूतपूर्व होगी। इस कार्यक्रम में बिहार के लोग, विशेषकर वैशाली और आसपास के जिलों के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर आम जनता में जबरदस्त उत्साह है।
जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में विजय चौधरी ने कहा कि दीपावली से छठ तक पर्व-त्योहार के दौरान लोगों से लगातार बातचीत हुई है। पिछले आठ-दस दिनों में मिले फीडबैक से स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री की सभा को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। इसका एक बड़ा कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की निरंतर प्रगति और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री एवं एनडीए के सर्वमान्य नेता नीतीश कुमार के विकास कार्यों को आगे बढ़ाना है।
उन्होंने कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम 'नीतीश सेतु' किए जाने के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि यह निर्णय बिहार की जनता के दिल को छूने वाला है। इससे स्पष्ट होता है कि नीतीश कुमार आज भी बिहारवासियों के दिलों में बसे हुए हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा प्रधानमंत्री को इस फैसले की जानकारी दिए जाने के बाद पूरे बिहार में खुशी का माहौल है। इस निर्णय से नीतीश कुमार के राजनीतिक कद और राज्य के विकास में उनके योगदान को उचित सम्मान मिला है।
विजय चौधरी ने कहा कि पुल के शिलान्यास से लेकर निर्माण तक नीतीश कुमार की व्यक्तिगत रुचि रही है। उन्होंने कई बार निर्माण स्थल पर जाकर काम की समीक्षा की और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस परियोजना से जुड़े क्षेत्रों के लोगों के लिए यह पुल काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने गंगा पर बने पुलों का उल्लेख करते हुए कहा कि पटना से पूर्व की ओर जेपी सेतु, गांधी सेतु, नीतीश सेतु और बरौनी में राजेंद्र सेतु है।
उन्होंने बिहार की जनता से 21 नवंबर के कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का गौरव बढ़ा रहे हैं, वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
विपक्ष के बयानों पर उन्होंने कहा कि पुल के निर्माण में नीतीश कुमार का मुख्य योगदान रहा है। तेजस्वी यादव कुछ समय के लिए संबंधित विभाग के मंत्री रहे थे, जबकि पुल की स्वीकृति और निर्माण की प्रक्रिया उससे पहले शुरू हुई थी और उनके जाने के बाद भी जारी रही।
निशांत कुमार से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता उन्हें चाहते हैं और उन्हें कोई भी दायित्व मिलने से कार्यकर्ताओं को खुशी होगी। एनडीए में मतभेद की अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि गठबंधन में कभी कोई मतभेद नहीं रहा है।
--आईएएनएस
एमएनपी
