Aapka Rajasthan

नीतीश कुमार बिहार की सेवा के लिए ही बने हैं : श्याम रजक

पटना, 29 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के पूर्व मंत्री और जदयू के नेता श्याम रजक ने रविवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्यसभा जाने की इच्छा थी और नियति ने यही तय किया था, लेकिन यह भी सही है कि इस फैसले से बिहार के लोग मर्माहत हैं। बिहार के लोग नहीं चाहते हैं कि नीतीश कुमार बिहार से जाएं।
 
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्वयं कहा है कि वे अपना अधिकांश समय बिहार को ही देंगे। सभी लोग जानते हैं कि नीतीश कुमार जो कहते हैं, वह करते हैं।

जदयू नेता श्याम रजक ने मीडिया से बातचीत में कहा कि नीतीश कुमार बिहार की सेवा के लिए ही बने हैं। प्रदेश में जो भी सरकार बनेगी, वह उनके ही मार्गदर्शन में चलेगी। वे नई सरकार को रास्ता दिखाने का काम करेंगे। सरकार नीतीश कुमार के विजन से ही चलेगी।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य के रूप में निर्वाचित होने के बाद विधानसभा से इस्तीफे को लेकर उन्होंने कहा कि जब समय आएगा, इस्तीफा देंगे। जो प्रक्रिया है, उसका सभी लोग निर्वाह करेंगे।

उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष के पास अपार बहुमत है। जदयू के नेताओं के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत के मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग को लेकर जदयू नेता श्याम रजक ने कहा कि निशांत कुमार पढ़े-लिखे हैं और उनके पास इंजीनियरिंग की डिग्री भी है, जिससे वह प्रशासन को बेहतर तरीके से संभाल सकते हैं।

फुलवारी विधानसभा से विधायक श्याम रजक ने कहा कि निशांत में मुख्यमंत्री बनने के सभी गुण मौजूद हैं और वह व्यक्तिगत रूप से चाहते हैं कि निशांत मुख्यमंत्री बने। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत भाजपा में कई ऐसे नेता हैं, जिनमें मुख्यमंत्री बनने की क्षमता है। जदयू के सभी लोग चाहते हैं कि निशांत मुख्यमंत्री बनें। गठबंधन की सरकार है, इस बारे में नीतीश कुमार और एनडीए को तय करना है।

--आईएएनएस

एमएनपी/एसके/वीसी