नितिन नवीन के नेतृत्व में एनडीए की अहम बैठक, सहयोगी दलों के साथ होगी चुनावी चर्चा: नरेंद्र कश्यप
लखनऊ, 5 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार को अपने लखनऊ दौरे के दूसरे दिन एनडीए गठबंधन के घटक दलों के साथ एक अहम संयुक्त बैठक करेंगे। यह बैठक संगठनात्मक समन्वय और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बताया कि बैठक में सहयोगी दलों के नेताओं के साथ विचार-विमर्श कर 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी और चुनावी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि एनडीए गठबंधन की यह बैठक बेहद अहम है, जिसमें सहयोगी दलों के साथ बेहतर तालमेल और समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा गठबंधन धर्म को निभाने का उदाहरण प्रस्तुत करती है और विपक्ष इंडिया गठबंधन को इससे सीख लेनी चाहिए।
मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने लखनऊ दौरे के दौरान एनडीए के सभी घटक दलों के नेताओं से संवाद करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी सहयोगी दल एकजुट होकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि बैठक का उद्देश्य केवल राजनीतिक चर्चा नहीं है, बल्कि सभी सहयोगियों को एक मंच पर लाकर 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और एनडीए की जीत सुनिश्चित करना भी है।
उन्होंने कहा कि शनिवार को जब से नितिन नवीन लखनऊ पहुंचे हैं, वह जनप्रतिनिधियों, सांसदों, विधायकों, संगठन और सरकार के प्रतिनिधियों के साथ लगातार संवाद कर रहे हैं। भाजपा ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी का औपचारिक आगाज कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह दौरा पार्टी के लिए एक मजबूत संगठनात्मक शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने शनिवार को जनप्रतिनिधियों की बैठक में सभी सांसदों और विधायकों को जनता के बीच अधिक सक्रिय रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों को केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना चाहिए और लाभार्थी योजनाओं को प्रभावी तरीके से लोगों तक ले जाना चाहिए।
मंत्री ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य स्पष्ट है और जनता एक बार फिर उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार को समर्थन देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि संगठन ने सभी कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में सक्रिय होने का आह्वान किया है ताकि आगामी चुनाव में पार्टी को मजबूत जनसमर्थन मिल सके।
नितिन नवीन के लखनऊ रोड शो को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा उठाए गए सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए नरेंद्र कश्यप ने कहा कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का काम ही केवल सवाल उठाना और तंज कसना है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव लगातार आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहे हैं, जबकि भाजपा विकास और संगठनात्मक कार्यों पर ध्यान दे रही है।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का राजनीतिक रवैया केवल टिप्पणी करने तक सीमित है और उन्हें इस तरह की राजनीति में ही सक्रिय रहना चाहिए। मंत्री ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी और विपक्ष के आरोपों का जनता पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
राम मंदिर से जुड़े मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि मामले की जांच स्पष्ट रूप से आगे बढ़ रही है और दोषियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और चाहे कोई कितना भी बड़ा व्यक्ति ही क्यों न हो, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि एसआईटी इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है और सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ कार्रवाई कर रही है। मंत्री ने कहा कि ऐसे मामलों को लेकर अनावश्यक राजनीति नहीं की जानी चाहिए, क्योंकि सरकार का रुख साफ है कि अपराधी चाहे छोटा हो या बड़ा, कानून सबके लिए समान है।
--आईएएनएस
पीआईएम/डीकेपी
