Aapka Rajasthan

नितिन नबीन के नेतृत्व में बंगाल, केरल सहित अन्य राज्यों में भाजपा जीतेगी: शाहनवाज हुसैन

नई दिल्ली, 19 जनवरी (आईएएनएस)। भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने दावा किया है कि नितिन नबीन के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल, केरल सहित अन्य राज्यों के विधानसभा चुनावों में भाजपा जीत का परचम लहराएगी।
 
नितिन नबीन के नेतृत्व में बंगाल, केरल सहित अन्य राज्यों में भाजपा जीतेगी: शाहनवाज हुसैन

नई दिल्ली, 19 जनवरी (आईएएनएस)। भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने दावा किया है कि नितिन नबीन के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल, केरल सहित अन्य राज्यों के विधानसभा चुनावों में भाजपा जीत का परचम लहराएगी।

नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी कोई सवाल नहीं उठाती। उनकी पार्टी में तो पार्टी अध्यक्ष केवल परिवार से ही चुना जाता है। नितिन नबीन बिहार के हैं, पांच बार के विधायक रह चुके हैं, छत्तीसगढ़ और सिक्किम के प्रभारी रह चुके हैं, बिहार सरकार में मंत्री रह चुके हैं, वे युवा हैं और अब वे अध्यक्ष बन रहे हैं। कांग्रेस के पास बधाई देने के लिए भी शब्द नहीं है, क्योंकि वहां परिवार के कहने पर ही पार्टी अध्यक्ष बनता है। भाजपा में एक आम कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है।

राहुल गांधी का जिक्र करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि जब वे सत्ता में थे तो खुद को राजा समझते थे। कांग्रेस की सरकार में चेयरपर्सन को प्रधानमंत्री रिपोर्ट करते थे, कांग्रेस ने तो संवैधानिक व्यवस्था का मजाक उड़ाया था। वर्तमान की केंद्र सरकार 'सबका साथ, सबका विकास' के रास्ते पर देश को आगे बढ़ा रही है। हमारी सरकार में विपक्ष की सरकारों का भी सम्मान किया जाता है। राहुल गांधी भूल गए कि उनकी सरकार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त करने का काम करती थी। पिछले 12 साल में प्रधानमंत्री मोदी ने एक भी विपक्षी सरकार को बर्खास्त नहीं किया। राहुल गांधी को सीख देने से बेहतर है कि वे माफी मांग लें।

केरल विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि तिरुवनंतपुरम में मेयर कमल का फूल वाला है। राहुल गांधी को मालूम है कि वहां भी भाजपा की सरकार आने वाली है। भाजपा केरल में भी सरकार बनाएगी।

सलमान खुर्शीद के बयान पर भाजपा नेता ने कहा कि सलमान खुर्शीद कहते हैं कि भाजपा में चुनाव नहीं होता। राहुल गांधी जब अध्यक्ष बने थे, तो कब चुनाव हुआ? जब सिर्फ एक नामांकन आया तो वे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए, जबकि भाजपा में एक साधारण कार्यकर्ता भी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। कांग्रेस ने बुजुर्ग व्यक्ति को अध्यक्ष बनाकर रखा है।

नितिन नबीन की ओर से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नामांकन पर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि यह बहुत अच्छी खबर है कि नितिन नबीन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाएंगे। आज उनका नामांकन दाखिल हो गया है और उन्हें आधिकारिक तौर पर भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाएगा। बिहार के लिए यह सौभाग्य की बात है कि बिहार से कोई भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बन रहा है। उनके नेतृत्व में बंगाल, केरल सहित अन्य राज्यों में भी जीत का परचम लहराया जाएगा।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीएससी