Aapka Rajasthan

निसांका-मेंडिस की दमदार पारी, श्रीलंका ने पहले वनडे में वेस्टइंडीज को 41 रनों से हराया

जमैका, 4 जून (आईएएनएस)। श्रीलंका ने वेस्टइंडीज दौरे का आगाज धमाकेदार जीत के साथ किया है। किंग्स्टन के सबीना पार्क में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में श्रीलंका ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज को 41 रनों से हराया। श्रीलंका से मिले 304 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी मेजबान टीम 49.2 ओवर में 262 रन बनाकर ऑलआउट हुई।
 
वेस्टइंडीज को जॉन कैंपबेल और जस्टिन ग्रीव्स ने सधी हुई शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 50 रन जोड़े। कैंपबेल 14 गेंदों में 17 रन बनाकर रनआउट हुए। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे कीसी कार्टी अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 27 रन बनाकर आउट हुए। ग्रीव्स 38 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुए।

कप्तान शाई होप ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली। होप 66 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी में होप ने 2 चौके और 2 छक्के लगाए। शेरफेन रदरफोर्ड बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज 5 रन बनाकर पवेलियन लौटे। रोस्टन चेस ने कुछ दमदार शॉट्स लगाए और 46 गेंदों का सामना करने के बाद 33 रन बनाकर आउट हुए। गुडाकेश मोती ने 22 रनों का योगदान दिया, जबकि मैथ्यू फोर्डे ने 15 रन बनाए। शेमार जोसेफ 23 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में श्रीलंका की तरफ से दुष्मंत चमीरा ने 67 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए। वहीं, महेश तीक्षणा ने दो और वानिंदु हसरंगा ने एक विकेट अपने नाम किया।

इससे पहले, श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कामिंदु मेंडिस 21 गेंदों का सामना करने के बाद 12 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद पथुम निसांका और कुशल मेंडिस ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई। दोनों ने मिलकर 127 गेंदों में 136 रन जोड़े। निसांका ने 103 गेंदों में 9 चौके और एक छक्के की मदद से 79 रन बनाए।

वहीं, मेंडिस ने 62 गेंदों का सामना करते हुए 72 रनों की दमदार पारी खेली। पवन रत्नायके ने 24 रनों का योगदान दिया, जबकि चरिथ असलंका ने 44 गेंदों में 45 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। वहीं, अंत के ओवरों में जनिथ लियानागे ने 29 गेंदों में 44 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसके बूते श्रीलंका की टीम 50 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 303 रन स्कोरबोर्ड पर लगाने में सफल रही। वेस्टइंडीज की ओर से गेंदबाजी में जायडेन सील्स, मैथ्यू फोर्डे और रोस्टन चेस ने दो-दो विकेट चटकाए।

--आईएएनएस

एसएम/पीएम