निशु आजाद मामले पर कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त बोले, गुंडों को संरक्षण देने वालों पर कार्रवाई हो
नई दिल्ली, 4 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने जंतर-मंतर के निशु आजाद मामले, सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन, खड़गे विवाद और सीएम योगी के बयान पर प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल 23 जून 2026 को जंतर-मंतर पर एक प्रदर्शन के दौरान छात्रा निशु आजाद के पिता से मारपीट हुई थी। एफआईआर के अनुसार विवाद वीडियो रिकॉर्डिंग को लेकर शुरू हुआ था। आईएएनएस से बातचीत करते हुए अभिषेक दत्त ने कहा, "जिस तरह से देश और खासतौर पर दिल्ली में अपराध की संख्या में बढोतरी हो रही है, साफ देखा जा सकता है कि कौन इसको प्रमोट कर रहा है। एक शख्स की ओर से बयान दिया जाता है और वह प्रधानमंत्री का भी नाम लेता है। पीएम को संज्ञान लेकर एक बड़ा संदेश देना चाहिए। गुंडों को इन लोगों की ओर से बचाया जाता है। खुले तौर पर बोलना कि हमने सिर फोड़ दिया, 307 लगनी चाहिए थी। इससे किस तरह का संदेश देश को दिया जा रहा है।"
हल्द्वानी मामले को लेकर अभिषेक दत्त ने कहा, "मल्लिकार्जुन खड़गे बीते 50 वर्ष से लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं, जिनकी शुरुआत छात्र नेता के तौर पर हुई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा को यह पच नहीं रहा है कि कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष बड़े दलित नेता हैं। उनके साथ ऐसा होना दुखदाई है। इस मामले में पीएम और गृह मंत्री से ज्यादा उम्मीद भी नहीं है।
यूपी के सीएम योगी के बयान पर अभिषेक दत्त ने कहा, "भाजपा अयोध्या में मंदिर निर्माण के नाम पर 2 से 370 सीटों तक आई थी। योगी के शासन और पीएम मोदी की बनाई कमेटी में अयोध्या में लूट की गई। जमीन, चंदा और चढ़ावा और सबसे बड़ी बात की आस्था के नाम पर लूट की गई। श्रीराम भगवान और उत्तर प्रदेश के लोग चुनाव में सीएम योगी और पीएम मोदी को सही संदेश देने जा रहे हैं।
सीएम योगी के बयान पर सपा सांसद राजीव राय ने कहा, "वे दहशत में हैं, उनको सपने में अखिलेश यादव नजर आ रहे हैं। बुझता हुआ चिराग फड़फड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि अपने सहारे जो खुद एक सीट नहीं जीत पाया, वो दूसरे को उपदेश देता है। घोषी से राजीव राय ने जो शुरुआत की थी, अब पूरे प्रदेश से उनका बिस्तरा गोल हो जाएगा।"
--आईएएनएस
एसडी/वीसी
