'निशांत से बहुत उम्मीदें', नीतीश कुमार के बेटे की बिहार यात्रा पर बोले जदयू नेता
पटना, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राज्यव्यापी यात्रा पर उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव समेत कई जदयू नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सभी की यही इच्छा थी कि वे राजनीति में और अधिक सक्रियता दिखाएं, क्योंकि बिहार और पार्टी के लोगों को उनसे बहुत उम्मीदें हैं।
निशांत कुमार के राज्यव्यापी दौरे पर जाने की संभावना के बीच उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "किसी भी युवा के लिए पार्टी में शामिल होने और पार्टी के लिए काम करने का यह एक अच्छा अवसर है। यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण बात है।"
निशांत पर जदयू विधायक अनंत सिंह ने कहा, "यह बहुत अच्छी बात है कि वे पूरे बिहार में घूमेंगे। वे घूमेंगे तभी देख पाएंगे कहां काम हुआ है और कहां काम की जरूरत है। इस यात्रा के दौरान घूमने से उन्हें (निशांत) को भी काफी लाभ मिलेगा।"
वहीं, जदयू विधायक कोमल सिंह ने कहा, "हम सभी की भी यही इच्छा थी कि वे राजनीति में और अधिक सक्रियता दिखाएं, क्योंकि बिहार और पार्टी के लोगों को उनसे बहुत उम्मीदें हैं। इसलिए यह बेहद खुशी की बात है। वे युवा हैं और जनता के बीच जाएंगे। हम उनके साथ एकजुट होकर मेहनत करेंगे। हमारे नेता और हमारे आदर्श का जो रोडमैप है, उसी पर आगे बढ़ेंगे। हम लोग हमेशा बिहार के लिए काम करते रहेंगे।"
बता दें कि निशांत कुमार बिहार में जन संपर्क यात्रा पर रवाना होंगे। यह यात्रा 3 मई को पश्चिम चंपारण से शुरू होगी। माना जा रहा है कि इस कदम का मकसद पार्टी के उन कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाना है जो इस महीने की शुरुआत में उनके पिता के मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद निराश महसूस कर रहे हैं।
जदयू सांसद संजय कुमार झा ने यात्रा को लेकर कहा, "वह खुद (निशांत कुमार) ही पार्टी की जिला टीम, हर जिले के जिला प्रमुख और पार्टी के अहम साथियों से मुलाकात कर रहे हैं। आने वाले समय में वह बिहार का दौरा भी करेंगे। वह अलग-अलग जगहों पर जाएंगे। और फिर आगे क्या होगा, यह पार्टी बैठकर उनके लिए तय करेगी।"
--आईएएनएस
डीसीएच/
