निंगबो ओपन: 18 वर्षीय इवा जोविक का शानदार प्रदर्शन, जैस्मीन पाओलिनी को हराकर बनाई क्वार्टर फाइनल में जगह
निंगबो, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका की युवा खिलाड़ी इवा जोविक ने निंगबो ओपन में शानदार डेब्यू किया है। गुरुवार को सेंटर कोर्ट पर हुए राउंड-16 के मैच में उन्होंने दो बार ग्रैंड स्लैम फाइनल खेल चुकीं जैस्मीन पाओलिनी को हराया।
चौथी वरीयता प्राप्त जोविक को पहले राउंड में 'बाय' (सीधे अगले राउंड में प्रवेश) मिला था। पहले सेट में 1-3 से पिछड़ने के बाद उन्होंने वापसी की और पाओलिनी को 6-4, 6-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। 18 वर्षीय जोविक की सर्विस पहले सेट में एक बार ब्रेक हुई थी और वह 1-3 से पीछे चल रही थीं। हालांकि, धीमी शुरुआत के बाद उन्होंने वापसी की और पांचवें तथा नौवें गेम में पाओलिनी की सर्विस ब्रेक करके पहला सेट अपने नाम कर लिया।
दूसरे सेट में भी इटली की खिलाड़ी पाओलिनी को अपनी सर्विस के साथ संघर्ष करना पड़ा, और जोविक ने चार बार उनकी सर्विस ब्रेक की। हालांकि, इस दौरान अमेरिकी खिलाड़ी जोविक की भी दो बार सर्विस ब्रेक हुई, लेकिन फिर भी उन्होंने दूसरा सेट जीतकर सीधे सेटों में जीत हासिल कर ली।
इस जीत के साथ जोविक और पाओलिनी के बीच हेड टू हेड मुकाबलों का रिकॉर्ड 2-2 की बराबरी पर आ गया है। यह पाओलिनी के खिलाफ जोविक की लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले, उन्होंने इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलियन ओपन में भी पाओलिनी को हराया था। अमेरिकी खिलाड़ी इस सीजन में अपने सातवें क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। वह इससे पहले छह में से पांच क्वार्टर फाइनल मैच को जीतकर सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफल रही हैं।
जोविक ने दुनिया की टॉप 50 खिलाड़ियों में शामिल पाओलिनी को हराकर उनके खिलाफ अपनी 20वीं जीत दर्ज की। यह इस साल उनकी 42वीं टूर-लेवल जीत है, जो जोविक के करियर का अब तक का सबसे बेहतरीन सीजन साबित हो रहा है।
जोविक का अब सामना एलेक्जेंड्रा एला या फ्रेंच ओपन की सेमीफाइनलिस्ट डायना श्नाइडर में से किसी एक से होगा। इन दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ जोविक का रिकॉर्ड शानदार रहा है और वह अभी तक उनसे कभी नहीं हारी हैं। एला के खिलाफ उनका हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 3-0 है, जबकि श्नाइडर के खिलाफ उनका रिकॉर्ड 1-0 है।
जोविक इस सीजन में बेहतरीन फॉर्म में चल रही हैं। उन्होंने हाल ही में पिछले महीने अपने ग्वाडलहारा ओपन खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया। उन्होंने 2025 में भी यह खिताब जीता था। जोविक के लिए यूएस ओपन एक शानदार टूर्नामेंट रहा, जहां वह पहली बार चौथे दौर तक पहुंचीं।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम
