निखिल आडवाणी: रोमांस से लेकर क्राइम तक हर जॉनर में माहिर, कल हो ना हो समेत कई हिट फिल्मों से बनाई पहचान
नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रसिद्ध फिल्म डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और पटकथा लेखक निखिल आडवाणी मंगलवार को अपना 55वां जन्मदिन मनाएंगे। उनका जन्म 28 अप्रैल 1971 को मुंबई में हुआ था। निखिल अपनी अनोखी फिल्ममेकिंग के लिए जाने जाते हैं।
उन्होंने वर्ष 2003 में शाहरुख खान, प्रीति जिंटा और सैफ अली खान अभिनीत फिल्म 'कल हो ना हो' से बतौर डायरेक्टर काम शुरू किया था, जो एक बड़ी हिट रही और आज भी लोगों के दिलों में बसी हुई है। इसके बाद उन्होंने 'सत्यम शिवम सुंदरम' ही नहीं, बल्कि 'बाटला हाउस', 'एयरलिफ्ट', 'पटियाला हाउस' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया।
निखिल आडवाणी के निर्देशन में बनी फिल्म 'कल हो न हो' ने कई अवार्ड्स जीते। बेस्ट म्यूजिक डायरेक्शन का अवार्ड शंकर-एहसान-लॉय ने जीता था। बेस्ट प्लेबैक सिंगर (मेल) का अवॉर्ड सोनू निगम ने जीता था। 49वें फिल्मफेयर में इस फिल्म को 11 नॉमिनेशन मिले और आठ अवॉर्ड झोली में आए। इस तरह की उन्होंने कई शानदार फिल्में दी हैं।
निखिल के निर्देशन में पिछले वर्ष रिलीज हुई फिल्म वेदा में जॉन अब्राहम लीड रोल में नजर आए। उनके अलावा शरवरी, अभिषेक बनर्जी और आशीष विद्यार्थी जैसे सितारों ने अहम रोल किया, लेकिन यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कारगर साबित नहीं हुई। करीब 60 करोड़ की लागत में बनी इस फिल्म ने टोटल 22.54 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया।
फिल्म बाटला हाउस में उनके निर्देशन में बनी थी। इस फिल्म में जॉन अब्राहम और मृणाल ठाकुर लीड रोल में थे। वर्ष 2019 में 15 अगस्त के दिन रिलीज हुई यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही। इसे करीब 50 करोड़ रुपए की लागत से बनाया गया। फिल्म ने 99.24 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया था।
निखिल आडवाणी अपनी बहन मोनिषा आडवाणी और मधु भोजवानी के साथ एम्मे एंटरटेनमेंट के को-फाउंडर भी हैं। हाल के वर्षों में उन्होंने वेब सीरीज जैसे 'रॉकेट बॉयज' और 'फ्रीडम एट मिडनाइट' जैसी प्रोजेक्ट्स पर भी काम किया है, जो दर्शकों और समीक्षकों को खूब पसंद आईं। निखिल आडवाणी को रोमांस, थ्रिलर, क्राइम और पेट्रियॉटिक फिल्मों में माहिर माना जाता है। उन्होंने हिंदी फिल्म सिनेमा को कई यादगार फिल्में दी हैं।
--आईएएनएस
एसडी/वीसी
