Aapka Rajasthan

नई दिल्ली : अफेयर का शक, पति की पत्नी ने दुपट्टे से गला घोंटकर कर दी हत्या

नई दिल्ली, 2 जुलाई (आईएएनएस)। जगतपुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र कुछ घंटों में एक ब्लाइंड मर्डर का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। 20 वर्षीय अलीशा पर अपने 19 वर्षीय पति मुस्तकीम उर्फ साहिल का गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है।
 

नई दिल्ली, 2 जुलाई (आईएएनएस)। जगतपुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र कुछ घंटों में एक ब्लाइंड मर्डर का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। 20 वर्षीय अलीशा पर अपने 19 वर्षीय पति मुस्तकीम उर्फ साहिल का गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई की सुबह करीब 3:52 बजे जगतपुरी पुलिस स्टेशन को राशिद मार्केट से एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई।

कॉल में बताया गया कि एक महिला ने अपने पति का गला घोंट दिया है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पीड़ित मुस्तकीम को बेहोशी की हालत में पाया गया और उसे डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की मां की शिकायत पर जगतपुरी पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया और इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार सिंह को जांच सौंपी गई।

अपराध की गंभीरता को देखते हुए, टीम ने तुरंत बारीकी से जांच शुरू की। गवाहों के बयान दर्ज किए गए, अपराध स्थल की वैज्ञानिक तरीके से जांच की गई और सभी उपलब्ध सबूतों का विश्लेषण किया गया।

लगातार पूछताछ के दौरान मृतक की पत्नी अलीशा ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि उसके पति को शक था कि वह किसी अन्य व्यक्ति के साथ अफेयर में है। पति ने रात में उसका मोबाइल चेक किया, जिसको लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। बहस के दौरान पति ने मारपीट की, जिससे गुस्से में अलीशा ने अपने दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया।

घटना के कुछ देर बाद मृतक की मां कमरे में पहुंची, जिसके बाद अलीशा मौके से भाग निकली और गिरफ्तारी से बचने के लिए एक गुरुद्वारे में छिप गई। पुलिस ने उसे गुरुद्वारे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया दुपट्टा जब्त कर लिया है।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई, घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच और लगातार पूछताछ के कारण कुछ ही घंटों में इस हत्या का खुलासा हो गया। सभी कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने और अतिरिक्त सबूत इकट्ठा करने के लिए आगे की जांच जारी है।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम