हिमंता बिस्वा सरमा पर गौरव गोगोई का तंज, आप शोर कर सच्चाई को दबा नहीं सकते
गुवाहाटी, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। असम विधानसभा चुनाव को लेकर मतदाताओं ने गुरुवार को रिकॉर्ड स्तर पर वोटिंग की। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई ने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि बंगाल की जनता ने कांग्रेस पार्टी का न्यू असम अभियान को स्वीकार किया है।
गुवाहाटी में आईएएनएस से बातचीत में गौरव गोगोई ने कहा कि पिछली विधानसभा चुनाव के मुकाबले इस बार 1 प्रतिशत से अधिक वोटिंग हुई है।
गोगोई ने कहा कि मैं बहुत आशावादी हूं कि लोगों ने हमारे ‘न्यू असम’ अभियान को स्वीकार किया है। चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी द्वारा जो सभ्य चुनाव प्रचार किया गया, लोगों ने उसे स्वीकारा है। हमारे कैंपेन के तरीके की भी सराहना की है। हम जो संदेश लोगों तक पहुंचाना चाहते थे, उसमें हम काफी हद तक सफल रहे हैं। इसलिए हमें पूरी उम्मीद है कि असम में नई कांग्रेस सरकार बनेगी।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को जमानत मिलने पर गौरव गोगोई ने सीएम हिमंता बिस्वा सरमा को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि पवन खेड़ा डरे हुए नहीं है। अगर कोई डरा है तो वे सीएम सरमा हैं। उनके डर का अंदाजा उनके बर्ताव, धमकी देने के तरीके और बोलने के अंदाज से लगाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि अगर उनमें इतना आत्मविश्वास होता तो उनका बर्ताव बिल्कुल अलग होता। उन्हें खुद भी पता है कि पवन खेड़ा की प्रेस कॉन्फ्रेंस से सच्चाई सामने आ चुकी है।
गोगोई ने कहा कि आप चाहे अपने बाल कितने भी खींच लें, लेकिन शोर-शराबे कर सच्चाई को मिटा नहीं सकते। वे पुलिस का दुरुपयोग कर सच को झूठ में नहीं बदल सकते।
भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, असम में गुरुवार को 2026 के विधानसभा चुनावों में अब तक की सबसे ज्यादा वोटिंग दर्ज की गई। इस बार 85.38 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले, जो पूरे राज्य में लोगों की जबरदस्त भागीदारी को दिखाता है।
वोटिंग में लोगों की भागीदारी ने 2016 के विधानसभा चुनावों में दर्ज 84.67 प्रतिशत के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया, जो राज्य के चुनावी इतिहास में एक अहम मील का पत्थर साबित हुआ।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी
