नेपाल त्रासदी पर बोले भाजपा सांसद हेमांग जोशी- त्वरित मदद की हमारी कोशिश रहेगी
वडोदरा, 27 अगस्त (आईएएनएस)। वडोदरा से भाजपा सांसद हेमांग जोशी ने नेपाल त्रासदी पर हुई जनमाल की हानि पर दुख जताया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, बाढ़ में अभी कई भारतीय लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
हेमांग जोशी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, "तिब्बत में भूकंप की घटना से नेपाल में जिस तरह से त्रासदी हुई है, उसमें जानमाल की हानि हुई। आधिकारिक तौर पर 100 से ज्यादा भारतीयों के लापता होने की पुष्टि हो रही है, जिसको लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के पीएम से बात की। पीएम मोदी ने सुरक्षा और बचाव अभियान के लिए भारत की ओर से सहयोग करने की बात कही।"
हेमांग जोशी ने कहा कि रिलीफ मटेरियल भेजने के लिए भी प्रधानमंत्री की ओर से ऑफर दिया गया है। भारतीय दूतावास की ओर से भी दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। इंडिया इन नेपाल हैंडल से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी अपडेट की जा रही है। ऐसे में उनकी ओर से भी साझा की गई जानकारी काफी आवश्यक है। वडोदरा का भी कोई नेपाल त्रासदी में लापता है तो उनके लिए भी हेल्पलाइन नंबर (7778826034) जारी किया गया है। इसके साथ ही एक फॉर्मेट भी बनाया गया है।"
भाजपा सांसद ने कहा कि अगर बनाए गए फॉर्मेट पर जानकारी साझा की जाती है तो मुख्यमंत्री कार्यालय और विदेश मंत्रालय के माध्यम से जो भी त्वरित मदद हो पाएगी, हम करने की कोशिश करेंगे। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, 100 से ज्यादा भारतीयों को खोजा जा रहा है; अभी राज्यों के मुताबिक वर्गीकरण होना बाकी है। ऐसे में मेरी अपील है कि विदेश मंत्रालय का आधिकारिक 'एक्स' हैंडल 'इंडिया इन नेपाल' को फॉलो करें।
--आईएएनएस
एसडी/डीकेपी
