नेपाल में आई आपदा बहुत बड़ी, भारत को बढ़ाना चाहिए मदद का हाथ : सौगत रॉय
कोलकाता, 27 अगस्त (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद सौगत रॉय ने गुरुवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने नेपाल में आई प्राकृतिक विपदा के संदर्भ में कहा कि यह बहुत बड़ी आपदा है। अब तक कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। खबर है कि अब तक 165 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इनमें भारतीय पर्यटक भी शामिल हैं। ऐसी स्थिति में भारत सरकार को नेपाल को हर मुमकिन सहायता प्रदान करनी चाहिए। अभिनेता खराज मुखर्जी भी पोखरा गए थे। हालांकि, अब वो वापस कैसे आएंगे, इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। अब भारत सरकार को बड़े पैमाने पर नेपाल की मदद के लिए कदम उठाना चाहिए।
वहीं, सौगत रॉय ने एनसीपीआई के सांसदों को मिले नोटिस पर भी आपत्ति जताई। उनके मुताबिक, यह मुझे अच्छा नहीं लगा लेकिन यह कोर्ट का मामला है। इस पर तो हमारे नेता कल्याण बनर्जी ही बोलेंगे, तो ज्यादा बेहतर रहेगा। उन्हें इस मामले की बेहतर समझ होगी।
चीनी और प्याज के बढ़ते दामों पर कैलाश विजयवर्गीय के बयान को सौगत रॉय ने बेतुका बताया। उन्होंने कहा कि विजयवर्गीय ने जो बातें कहीं हैं, उसका कोई मतलब नहीं है। आज की तारीख में अगर चीनी के दाम आसमान छू रहे हैं, तो इसके लिए सरकार दोषी है क्योंकि सरकार ने ही चीनी का निर्यात तेज कर दिया था। इसी वजह से चीनी के दाम बढ़ गए हैं। अब चीनी के दाम को कंट्रोल करने की दिशा में पूरी रूपरेखा निर्धारित करके जमीन पर उतारी जानी चाहिए, ताकि मौजूदा स्थिति सामान्य हो सके।
इसके अलावा, साउथ 24 परगना जिले में एक टीएमसी कार्यकर्ता को पीटने की घटना पर सौगत रॉय ने अनभिज्ञता जाहिर की। उन्होंने साफ कहा कि मुझे इस बारे में कोई खास जानकारी नहीं है, तो मैं इस पर किसी भी प्रकार की टिप्पणी नहीं कर सकता हूं।
टीएमसी छात्र परिषद स्थापना दिवस के कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस पर सांसद सौगत रॉय ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस अवसर पर बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। इस कार्यक्रम को खास बनाने की तैयारी जारी है।
--आईएएनएस
एसएचके/पीएम
