Aapka Rajasthan

नेपाल के एक और पूर्व मंत्री पर गिरी गाज, सीआईबी ने दीपक खड़का को किया गिरफ्तार

काठमांडू, 29 मार्च (आईएएनएस)। नेपाल में प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के पीएम पद की जिम्मेदारी संभालने के साथ ही सियासी गलियारे में हलचल तेज हो गई है। नेपाल के पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक की गिरफ्तारी के बाद अब पूर्व मंत्री व नेपाली कांग्रेस के नेता दीपक खड़का को नेपाल के सेंट्रल इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (सीआईबी) ने गिरफ्तार किया है।
 
सीआईबी ने खड़का की गिरफ्तारी मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में की है। सीआईबी के प्रवक्ता शिव कुमार श्रेष्ठ के अनुसार, नेपाल पुलिस के सेंट्रल इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो ने रविवार सुबह खड़का को बुधनिलकांठा से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने कहा कि खड़का के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े आरोपों के तहत जांच की जा रही है।

द काठमांडू पोस्ट के अनुसार, सीआईबी के प्रमुख एडिशनल इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस मनोज केसी ने कहा कि मनी लॉन्ड्रिंग इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट ने पहले पुलिस हेडक्वार्टर को एक लेटर भेजकर खड़का से पूछताछ करने की मांग की थी। पुलिस हेडक्वार्टर की अपील पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे आगे की जांच के लिए कस्टडी में ले लिया।

नेपाली मीडिया द काठमांडू पोस्ट ने बताया कि 9 सितंबर 2025 को हुई तोड़फोड़ और आगजनी के बाद खड़का व पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा और पुष्प कमल दहल के घरों पर बैंक नोटों के जले हुए टुकड़े दिखाते हुए तस्वीरें व वीडियो सामने आए थे। इसके बाद फोरेंसिक लैब टेस्ट से इन नतीजों की पुष्टि हुई।

नेपाली मीडिया के अनुसार दीपक खड़का ऊर्जा, जल संसाधन और सिंचाई मंत्री रहते हुए विवादों में घिरे रहे थे। खासकर हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स के लिए लाइसेंस जारी करने और कॉन्ट्रैक्ट देने के मामले को लेकर वह खूब चर्चा में रहे। उन पर प्रोजेक्ट्स के लिए लाइसेंस और कॉन्ट्रैक्ट दिलाने के बदले में वित्तीय फायदे लेने का आरोप था और कहा जा रहा है कि ये लेनदेन मंत्री के क्वार्टर व मंत्रालय की जगह से हुआ था। हालांकि, उनके खिलाफ कोई जांच नहीं की गई। खड़का लैंचौर में नेपाल स्काउट्स की जमीन की कथित हेराफेरी में भी शामिल थे।

--आईएएनएस

केके/पीएम