नेपाल बाढ़ में लापता न्यूजीलैंड की एनआरआई दंपत्ति, रक्षाबंधन पर घर आने वाली थी बहन
नई दिल्ली, 27 अगस्त (आईएएनएस)। कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए काठमांडू पहुंचे एक एनआरआई दंपत्ति मिहिर और किन्नरी पटेल नेपाल में आई अचानक बाढ़ के बाद से लापता हैं। परिवार ने बताया कि किन्नरी ने रक्षाबंधन पर घर आने की बात कही थी, लेकिन उससे पहले कैलाश जाने के लिए निकली थी। इस बीच भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने बताया कि 288 भारतीयों से अभी संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिनमें कैलाश यात्री भी शामिल हैं।
कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए काठमांडू पहुंचने के बाद नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बीच एक एनआरआई दंपत्ति मिहिर पटेल और किन्नरी पटेल से उनके परिवार का संपर्क टूट गया है। उनके परिवार को उनके सुरक्षित लौटने की उम्मीद है। किन्नरी पटेल के भाई और वकील चिराग पटेल ने कहा, "जो कुछ हुआ वो कुदरती है। दोनों डायरेक्ट न्यूजीलैंड से काठमांडू गए थे। वो दो साल से न्यूजीलैंड में रह रहे हैं। मुंबई के किसी एजेंट से संपर्क कर उन्होंने डायरेक्ट बुकिंग करवाई थी। हमारी आखिरी बातचीत काठमांडू के होटल वाले से हुई। उन्होंने बताया कि वो तीन दिन यहां ठहरे थे और चेकआउट किया था। फिलहाल उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।"
उन्होंने आगे कहा, "मेरी बहन से जब आखिरी बात हुई थी, तो उसने कहा था कि मैं रक्षाबंधन के लिए आ रही हूं, लेकिन उससे पहले कैलाश जाऊंगी। कैलाश के लिए वो लोग 21 को निकले थे। 23 को वो होटल में थे और 26 की सुबह वहां से निकले थे। मैं भी वहां जा सकता हूं, लेकिन कुदरत के कहर के बीच जाने का भी कोई फायदा नहीं। सरकार ने बोला है कि हम जितनी जल्दी हो सके, उन्हें रेस्क्यू करने की कोशिश करेंगे।"
वहीं, काठमांडू में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "हमेशा नेपाल के साथ। राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने भारत से 10 टन मानवीय सहायता सामग्री संस्कृति, पर्यटन और नागरिक उड्डयन मंत्री, खड़का राज पौडेल को सौंपी। यह मदद भयानक बाढ़ के बाद राहत कार्यों में मदद करेगी। भारत नेपाल के साथ मजबूती से खड़ा है और हर संभव मदद देने के लिए प्रतिबद्ध है।"
नेपाल में आई त्रासदी को लेकर काठमांडू में भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने कहा, "दूतावास ने तीन इमरजेंसी हॉटलाइन के साथ एक कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जो 24 घंटे चालू है। नेपाल में लगभग 288 भारतीय हैं, जिनसे फिलहाल संपर्क नहीं हो पा रहा है, जैसा कि विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने भी बताया। इनमें कुछ तीर्थयात्री भी शामिल हैं जो कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए आए थे। हमने जो जानकारी जुटाई है, वह नेपाली सेना के साथ साझा की है। नेपाली सेना सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। हमारी जानकारी के अनुसार, आज दोपहर उस क्षेत्र में 21 लोग फंसे हुए थे, जो तमिलनाडु से थे। नेपाली सेना ने उन्हें सुरक्षित बचा लिया है।"
--आईएएनएस
केके/एबीएम
