नेपाल बाढ़ के बाद गुजरात के 12 तीर्थयात्रियों से संपर्क टूटा, सूरत के 3 लापता, बंगाली एक्टर भी रसुवा में फंसे
नई दिल्ली, 27 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल त्रासदी के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। गुजरात के 12 कैलाश मानसरोवर तीर्थयात्री पिछले 24 घंटे से लापता हैं, जिनमें 3 सूरत के हैं। वहीं, शूटिंग के लिए गए बंगाली फिल्मों के एक्टर खराज मुखर्जी और रजत दत्ता भी रसुवा जिले में फंसे हुए हैं। परिजनों से संपर्क टूटने के बाद परिवार परेशान है, जबकि प्रशासन नेपाल और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर सभी को सुरक्षित निकालने की कोशिश में जुटा है।
सूरत निवासी कैलाश मानसरोवर गए तीन तीर्थयात्री पिछले 24 घंटों से नेपाल में लापता हैं। अधिकारी उन्हें ढूंढने और उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए नेपाल और केंद्रीय एजेंसियों के साथ तालमेल कर रहे हैं। आपदा प्रबंधन के डिप्टी ममलतदार साजिद मेरुजय ने कहा, "हमें गुजरात सरकार के स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर से जानकारी मिली कि गुजरात के कुल 12 तीर्थयात्री लापता हैं, जिनमें से तीन सूरत के हैं।"
सूरी के एक प्राइवेट नर्सिंग होम में काम करने वाले नेपाल के रहने वाले डॉ. दिबेश मरासिनी ने कहा कि बुधवार से संपर्क टूटने के बाद आखिरकार गुरुवार सुबह उन्होंने नेपाल में अपने परिवार से संपर्क किया और कन्फर्म किया कि वे सुरक्षित हैं, हालांकि बाढ़ से बहुत ज्यादा आर्थिक नुकसान हुआ है। मेरे गांव की स्थिति ठीक है, लेकिन बहुत बड़े क्षेत्र पर प्रभाव पड़ा है।
बंगाली एक्टर खराज मुखर्जी और रजत दत्ता नेपाल के रसुवा जिले में भीषण त्रासदी के बाद फंसे हुए हैं। खराज अपनी पत्नी प्रतिभा मुखर्जी के साथ हैं।
अभिनेता के बड़े भाई श्रीराज मुखर्जी ने कहा, "वे 20 तारीख को शूट के लिए गए थे। शुरू में कोई संपर्क नहीं हुआ, लेकिन बाद में हम उनसे संपर्क कर पाए। हमें बाढ़ के बारे में भी बाद में पता चला। लेकिन, वे अब सुरक्षित हैं। हम उनसे 20 या 21 तारीख को संपर्क कर पाए थे। तब तक कुछ नहीं हुआ था और सब ठीक थे। लेकिन, घटना के बाद कोशिश करने के बावजूद उनसे संपर्क नहीं कर पाए।"
रिश्तेदार सास्वती मुखर्जी बोलीं, "खराज मुखर्जी 20 तारीख को एक शूटिंग के काम के लिए गए थे और उन्हें 23 या 24 तारीख को लौटना था। लेकिन, भारी बारिश की वजह से शूटिंग में देरी हो गई, इसलिए वह वापस नहीं आ सके। जब हमने कल इस घटना के बारे में सुना, तो हम बहुत परेशान हो गए। शुक्र है, वह ठीक और सुरक्षित हैं, लेकिन जब तक वह घर वापस नहीं आ जाते, हम बहुत परेशान रहेंगे।"
--आईएएनएस
केके/एबीएम
