Aapka Rajasthan

नेपाल बाढ़ त्रासदी: सुरंग में फंसे लोगों की तलाश में जुटी भारतीय टीम, डीएनए जांच में भी भारत कर रहा मदद

काठमांडू, 1 सितंबर (आईएएनएस)। नेपाल में हालिया विनाशकारी बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है। इस बीच नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने बताया कि भारत की सुरंग बचाव (टनल रेस्क्यू) टीम नेपाली सेना के साथ मिलकर रसुवा जिले के चिलिमे क्षेत्र में फंसे लोगों की तलाश में लगातार काम कर रही है।
 

काठमांडू, 1 सितंबर (आईएएनएस)। नेपाल में हालिया विनाशकारी बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है। इस बीच नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने बताया कि भारत की सुरंग बचाव (टनल रेस्क्यू) टीम नेपाली सेना के साथ मिलकर रसुवा जिले के चिलिमे क्षेत्र में फंसे लोगों की तलाश में लगातार काम कर रही है।

राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा कि भारतीय टीम ने बेहद कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपना अभियान जारी रखा है। उन्होंने बताया कि सुरंग के भीतर सीमित जगह, चुनौतीपूर्ण भू-भाग और दलदल जैसी स्थिति होने के बावजूद बचाव दल ने अस्थायी फ्लोट्स (तैरने वाले उपकरणों) का इस्तेमाल कर सुरंग के अंदर गहराई तक पहुंचने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि टीम बुधवार को भी अपना अभियान जारी रखेगी और सुरंग में फंसे किसी भी व्यक्ति को बचाने की कोशिश करेगी।

दूसरी ओर, नेपाल में बाढ़ से प्रभावित और लापता लोगों की पहचान के लिए भारत की 19 सदस्यीय फॉरेंसिक टीम भी काम कर रही है। भारतीय टीम ने नेपाल पुलिस सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी और काठमांडू घाटी के खुमलटार स्थित नेशनल फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी में नेपाली विशेषज्ञों के साथ डीएनए नमूनों का विश्लेषण शुरू कर दिया है।

भारतीय दूतावास के अनुसार, यह टीम बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से एकत्र किए गए डीएनए नमूनों की जांच में नेपाल की मदद कर रही है, ताकि मृतकों और लापता लोगों की पहचान जल्द की जा सके।

नेपाल पुलिस के मुताबिक, मंगलवार शाम तक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से 1,068 शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें से 400 शवों के केवल आंशिक अवशेष मिले हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। अधिकारियों ने बताया कि कई शवों की पहचान नहीं हो पाने के कारण डीएनए नमूने सुरक्षित रखे जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार अभी भी 4,606 लोग लापता हैं, जिनमें 583 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। ऐसे में मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

नेपाल के रसुवा और नुवाकोट जिलों में भोटेकोशी और त्रिशूली नदी क्षेत्रों के जलविद्युत परियोजना स्थलों पर भी कई लोगों के लापता होने की सूचना है। इन क्षेत्रों में खोज और बचाव कार्यों के लिए नेपाल सरकार के अनुरोध पर भारत और चीन ने तकनीकी विशेषज्ञों की टीमें भेजी हैं।

इस बीच नेपाल के प्रधानमंत्री बलेंद्र शाह ने कहा है कि बाढ़ में जान गंवाने वाले और अब तक पहचान नहीं हो सके लोगों के शवों का कानून और वैज्ञानिक प्रक्रियाओं के अनुसार प्रबंधन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डीएनए नमूनों और अन्य साक्ष्यों को सुरक्षित रखते हुए नेपाली सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल की सहायता से शवों का अंतिम प्रबंधन किया जा रहा है, जबकि जिनकी पहचान हो चुकी है, उनके शव परिजनों को सौंपे जा रहे हैं।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी