Aapka Rajasthan

नीट पेपर लीक पर केंद्र सरकार गंभीर, सीबीआई जांच से माफिया का पूरा सिंडिकेट खत्म होगा : जदयू नेता राजीव रंजन

नई दिल्ली, 13 मई (आईएएनएस)। जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने नीट-यूजी पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार की दृढ़ता पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि सरकार इस पूरे माफिया सिंडिकेट को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है।
 
नीट पेपर लीक पर केंद्र सरकार गंभीर, सीबीआई जांच से माफिया का पूरा सिंडिकेट खत्म होगा : जदयू नेता राजीव रंजन

नई दिल्ली, 13 मई (आईएएनएस)। जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने नीट-यूजी पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार की दृढ़ता पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि सरकार इस पूरे माफिया सिंडिकेट को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है।

उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "नीट को लेकर केंद्र सरकार बहुत गंभीर है। सीबीआई जांच के आदेश दिए गए हैं, कई लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इस पूरे सिंडिकेट को खत्म करना ही सीबीआई जांच का लक्ष्य है और हम इसे हासिल करेंगे। छात्रों को भी भरोसा रखना चाहिए। जो भी पेपर लीक या ऐसी घटनाओं के लिए जवाबदेह है, उन्हें पाताल से भी ढूंढकर निकाल लिया जाएगा।"

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, "छात्रों को विपक्ष के उकसावे में नहीं आना चाहिए। पूरी संवेदनशीलता के साथ केंद्र सरकार ने खुद बड़े फैसले ले लिए हैं। सीबीआई जांच का निर्णय लिया गया है, इससे स्पष्ट होता है कि पेपर लीक में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। छात्रों को संयम बनाए रखना चाहिए और नई परीक्षा की तैयारी में लग जाना चाहिए।"

राजीव रंजन प्रसाद ने प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "बहुत कम उम्र में उनका निधन हुआ है। मुलायम सिंह यादव जी को पूरे देश में सम्मान मिला था। हम सब प्रतीक यादव के शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करें।"

उन्होंने कहा, "अंतरराष्ट्रीय अर्थशास्त्री और रेटिंग एजेंसियां जीडीपी ग्रोथ रेट में गिरावट तथा महंगाई के बढ़ने की आशंका जता रही हैं। दुनिया के कई देशों में लोग बढ़ी हुई दरों पर सामान खरीदने को मजबूर हैं। लेकिन भारत सरकार ने जो नीतिगत बदलाव किए हैं, उनके कारण आम लोगों की कठिनाई अन्य देशों की तुलना में कम बढ़ी है।" उन्होंने विदेशी मुद्रा भंडार को सावधानी से संभालने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि यह वक्त सतर्कता का है।

सर्वदलीय बैठक और विपक्ष की भूमिका के बारे में जदयू नेता ने कहा, "कई मौकों पर विदेश मंत्री और अन्य केंद्रीय मंत्रियों की उपस्थिति में ऐसी चर्चाएं हो चुकी हैं। अब सबकुछ पब्लिक डोमेन में है। केंद्र सरकार ने पारदर्शिता के साथ दुनिया के हालात और भारत की भूमिका को स्पष्ट रखा है। विपक्ष किसी भी संकट में देश के बजाय राजनीतिक हितों को प्राथमिकता देता है, लेकिन जदयू हमेशा प्रधानमंत्री की अपील पर राष्ट्रहित में अपनी भूमिका निभाएगा।"

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम